होम = State = उत्तर प्रदेश = छांगुर बाबा मामले में ATS का एक्शन जारी, लखनऊ से भी हुई गिरफ्तारी

छांगुर बाबा मामले में ATS का एक्शन जारी, लखनऊ से भी हुई गिरफ्तारी

Religion Conversion Gang in UP : उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने देश के कई हिस्सों में अवैध मतांतरण का रैकेट चलाने वाले बलरामपुर के जलालुद्दीन उर्फ छांगुर के गिरोह के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है.रविवार को ATS ने लखनऊ के चिनहट इलाके से छांगुर के करीबी सहयोगी राजेश कुमार उपाध्याय को गिरफ्तार किया. उपाध्याय को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है.

कौन है राजेश कुमार

ATS की जांच में पता चला कि बलरामपुर जनपद न्यायालय में पेशकार के रूप में कार्यरत राजेश कुमार उपाध्याय छांगुर के इशारे पर कोर्ट में केस मैनेज करता था.वह छांगुर के लिए जमीन खरीद में सक्रिय था और विरोधियों को फंसाने के लिए कोर्ट से FIR के आदेश जारी करवाने में मदद करता था. मीडिया सूत्रों के अनुसार छांगुर की ओर से उपाध्याय को बड़ा फंड भी मुहैया कराया जाता था.

विदेशी फंडिंग से मतांतरण का खेल

जांच में यह भी सामने आया कि छांगुर विदेशी फंडिंग के जरिए हिंदू युवतियों को मतांतरित करने का मास्टरमाइंड है. अब तक छांगुर सहित उसके गिरोह के आठ सदस्यों को मतांतरण के मामले में जेल भेजा जा चुका है.प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी 100 करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी फंडिंग के मामले में छांगुर और उसकी सहयोगी नीतू को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रहा है.

भतीजे और साले के बेटे की गिरफ्तारी

इससे पहले शनिवार को ATS ने छांगुर के भतीजे सबरोज और साले के बेटे शहाबुद्दीन को गिरफ्तार किया.दोनों गैंड़ासबुजुर्ग के निवासी हैं और छांगुर के मतांतरण प्लान को विस्तार देने में सक्रिय थे.ATS की FIR में दोनों के नाम शामिल थे.ग्रामीणों के अनुसार सबरोज कव्वाली गाता था,जबकि शहाबुद्दीन धार्मिक कार्यक्रमों के नाम पर चंदा जुटाने का काम करता था.दोनों के खिलाफ आजमगढ़ के देवगांव थाने में पहले भी अवैध मतांतरण का मामला दर्ज है.

रशीद शाह भी ATS की गिरफ्त में

शुक्रवार को ATS ने छांगुर के सक्रिय साथी रशीद शाह को बलरामपुर के उतरौल के मधपुर गांव से गिरफ्तार किया था. रशीद मई 2023 में आजमगढ़ पुलिस द्वारा चिरकिहट गांव में दो युवतियों के मतांतरण के मामले में 17 अन्य लोगों के साथ पकड़ा गया था.वह छांगुर के इशारे पर अवैध मतांतरण की गतिविधियों को अंजाम देता था.

ATS अब भी छांगुर के गिरोह की पड़ताल में जुटी है.अब तक छांगुर, नीतू, नवीन और उनके बेटे महबूब की गिरफ्तारी हो चुकी है.