होम = State = उत्तर प्रदेश = कपड़े फाड़े और खंभे से बांधा! मेरठ में ड्यूटी पर जा रहे सेना के जवान को टोल कर्मियों ने बेरहमी से पीटा, Video वायरल

कपड़े फाड़े और खंभे से बांधा! मेरठ में ड्यूटी पर जा रहे सेना के जवान को टोल कर्मियों ने बेरहमी से पीटा, Video वायरल

Meerut Toll Video : मेरठ से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां भारतीय सेना के जवान के साथ टोल कर्मियों ने बेरहमी से मारपीट की। यह मामला मेरठ-करनाल हाईवे पर स्थित भूनी टोल प्लाजा का है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित जवान का नाम कपिल है, जो मेरठ के गोटका गांव का रहने वाला और भारतीय सेना में सिपाही है। इस समय उसकी तैनाती श्रीनगर में है।

क्या है पूरा मामला

रविवार रात कपिल छुट्टी खत्म कर ड्यूटी पर लौट रहा था। सोमवार सुबह 5 बजे उसकी श्रीनगर की फ्लाइट थी। इसी दौरान भूनी टोल प्लाजा पर लंबा जाम होने के कारण उसने टोल कर्मियों से जल्दी निकलने की बात कही। कपिल ने अपना आर्मी कार्ड दिखाते हुए खुद को स्थानीय निवासी और सेना का जवान बताया। उसने अपनी फ्लाइट का हवाला देते हुए टोल से बिना रोके निकलने की गुजारिश की, लेकिन स्टाफ ने दोबारा टोल मांगा। इसी बात पर विवाद शुरू हो गया।

खंभे से बांधकर लाठी-डंडों से मारा

आरोप है कि टोल कर्मियों ने कपिल से बहस के बाद उस पर हमला कर दिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि 8-10 लोग जवान को घेरकर पीटते हैं। इतना ही नहीं, उसे खंभे से बांधकर लाठी-डंडों से मारा गया और उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए। इस घटना में कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान हालत में वहां मौजूद लोगों ने उसे छुड़ाया।

सेना के जवान से बदसलूखी

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। सेना के जवान के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया और कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना न केवल मानवता पर सवाल खड़े करती है बल्कि इस बात पर भी विचार करने को मजबूर करती है कि ड्यूटी पर जा रहे देश के जवानों के साथ ऐसी मारपीट किस तरह की मानसिकता को दर्शाती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और टोल कर्मियों की इस करतूत से स्थानीय लोगों में भी गुस्सा है।

ये भी पढ़े : गाजियाबाद में आवारा कुत्तों के आतंक से राहत, 2.43 करोड़ की लागत से बनेगा तीसरा एबीसी सेंटर

बंगाल