Fatehpur Double Murder: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से दिल दहला देने वाला दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है, जहां रिश्तों के शक, गुस्से और बदले ने एक युवक को खूनी बना दिया। दोस्त और भाभी के कथित अवैध संबंधों के शक में युवक ने पहले जंगल में दोस्त की बेरहमी से हत्या की, फिर खून से सना चाकू लेकर घर पहुंचा और भाभी पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। बीच-बचाव में आई छोटी बहन को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
जंगल में दोस्त को मौत के घाट उतारा
यह घटना थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा कस्बे के चौधराना मोहल्ले की है। यहां रहने वाला फैजान कुरैशी (27) दोपहर की नमाज के बाद घर पर था, तभी उसका पड़ोसी दिलदार कुरैशी उसे क्रिकेट खेलने के बहाने बाइक से जंगल की ओर ले गया। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर करबला के जंगल में दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद दिलदार ने अचानक चाकू से फैजान का गला रेत दिया। गंभीर हालत में फैजान करीब 40 मीटर तक गांव की ओर भागा, लेकिन ज्यादा खून बहने से खेत में गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घर पहुंचकर भाभी पर हमला
जंगल में हत्या के बाद दिलदार खून से सना चाकू लेकर घर पहुंचा और चिल्लाते हुए भाभी को बाहर बुलाया। सामने आते ही उसने भाभी जिकरा परवीन (28) के पेट पर महज छह सेकंड में आठ वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर बचाने दौड़ी छोटी बहन मन्नू (22) पर भी उसने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
खुद कबूला जुर्म
घटना के बाद दिलदार सीधे पुलिस चौकी पहुंचा और दोस्त व भाभी की हत्या की बात कबूल कर ली। सूचना मिलते ही एसपी, एएसपी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। जंगल से सिगरेट, लाइटर और नशीले इंजेक्शन की शीशियां व सिरिंज बरामद की गई हैं। पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले नशे का सेवन किया गया था।
तीन महीने पुराना शक बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब तीन महीने पहले दोस्त फैजान और भाभी को आपत्तिजनक हालत में देखा था। उसने दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। आरोपी का दावा है कि उसकी बहन भी इस रिश्ते को लेकर दोनों का साथ दे रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया और उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
दुबई जाने की तैयारी
मृतक फैजान B.Sc. दूसरे साल का छात्र था और एक महीने बाद दुबई जाने की तैयारी कर रहा था। उसके पिता रायबरेली में सिलाई का काम करते हैं। बेटे की हत्या की खबर मिलते ही वे घर पहुंचे और न्याय की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर दिलदार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। भाभी का पति हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है और फिलहाल मध्य प्रदेश में है।
इलाके में दहशत का माहौल
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। एक ही दिन में हुए इस दोहरे हत्याकांड ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और घायल बहन का इलाज अस्पताल में जारी है।
ये भी पढ़ें: हर की पौड़ी पर गैर हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध! पोस्टरों से मचा बवाल, गंगा सभा ने क्यों उठाई सख्त मांग?

