UP News: आगरा के नगला बूढ़ी इलाके में शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े और गुजर रहे कई लोगों को कुचल दिया, जिससे पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कुछ ही पलों में सड़क पर खून फैल गया और खुशियों के घरों में मातम छा गया। हादसे में जान गंवाने वालों में महिला, युवक और बुजुर्ग शामिल हैं। इस हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। किसी की मां चली गई, किसी का बेटा और किसी का पति। एस.एन. मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में परिजनों की चीखें सुनकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
हादसे में शामिल लोग
मृतकों में बबली, जो घरों में काम करके परिवार चलाती थीं, भी शामिल हैं। उनकी जिंदगी संघर्षों से भरी थी। दस साल पहले सादाबाद के मिढ़ावली गांव निवासी हरेश से शादी के बाद वह तीन बच्चों की मां बनीं। पति मजदूरी करते हैं और बबली मेहनत से परिवार संभाल रही थीं। जल्द ही उनकी भांजी की शादी थी, जिसकी तैयारियों में वो जुटी थीं। शुक्रवार रात काम से लौटते समय वह अपने बेटे गोलू को कपड़े दिलाने ले जा रही थीं। रास्ते में तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मारी बबली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोलू घायल हो गया। परिजन अस्पताल पहुंचे तो कोहराम मच गया।
दूसरा शिकार बने-
हादसे का दूसरा शिकार बने भानु प्रताप मिश्रा (28), जो फूड डिलीवरी कंपनी में काम करते थे। आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले भानु की तीन साल पहले रामा से शादी हुई थी और डेढ़ साल का बेटा चेतन है। शुक्रवार को ऑर्डर डिलीवर करने निकले भानु को सबसे पहले उसी कार ने टक्कर मारी। उनकी भी मौके पर मौत हो गई। परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा पिता की आंखों में सवाल था, “अब घर का सहारा कौन बनेगा?” जबकि पत्नी बेहोश होकर बार-बार “भानु” का नाम पुकारती रही।
पीड़ित परिवारों का हुआ बुरा हल
तीसरे पीड़ित कमल (24) पेशे से पेंटर थे। तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था, लेकिन पत्नी की डिलीवरी के कुछ दिनों बाद ही मौत हो गई थी। दो साल के बेटे के साथ वे अकेले रहते थे। शुक्रवार रात वे दोस्त कृष्णा के साथ कपड़े खरीदने निकले थे, क्योंकि कृष्णा के भाई की शादी तय हो रही थी। मगर चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने दोनों को कुचल दिया। वहीं बंटेश (50) रात को सब्जी लेने निकले थे, तभी वही कार डिवाइडर से टकराकर पलटी और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस भयावह हादसे ने नगला बूढ़ी की रात को चीखों और सन्नाटे में बदल दिया जहाँ कुछ घंटे पहले तक शादी की तैयारियाँ चल रही थीं, अब केवल मातम पसरा है।
ये भी पढ़े – देश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश, बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान

