Samajwadi Party Video : उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की ओर से शुरू की गई ‘PDA पाठशाला’ अब सियासी विवाद का केंद्र बन गई है। इस पाठशाला में बच्चों को परंपरागत A फॉर एप्पल नहीं, बल्कि A फॉर अखिलेश यादव, B फॉर बाबा साहब आंबेडकर, C फॉर चौधरी चरण सिंह, D फॉर डिंपल यादव और M फॉर मुलायम सिंह पढ़ाया जा रहा है। यह अनोखा प्रयोग सहारनपुर में सपा नेता फरहाद आलम द्वारा शुरू किया गया, जिन्होंने अपने घर पर ‘PDA पाठशाला’ की शुरुआत की और बाकायदा एक फ्लैक्स भी लगा दिया। उन्होंने दर्जनों बच्चों को इकट्ठा कर ‘सियासी ABCD’ पढ़ाई। इस अनोखी शिक्षा शैली का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
यूपी में सियासी ABCD पर बवाल!
वीडियो में फरहाद आलम छात्रों को A फॉर अखिलेश पढ़ाते नजर आ रहे हैं, लेकिन जैसे-जैसे वे आगे बढ़ते हैं, उनकी ‘गाड़ी’ C और D तक पहुंचकर कुछ अटकती दिखाई देती है। हालांकि वे यह दावा कर रहे हैं कि वह हर गांव में ऐसी पाठशालाएं खोलेंगे ताकि बच्चों को समाजवादी विचारधारा से जोड़ा जा सके।
‘PDA पाठशाला’ का वीडियो वायरल, अखिलेश बोले आंदोलन की महाजीत
इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी खुलकर सामने आए। उन्होंने इस पहल को ‘महाजीत’ बताया और X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा “स्कूल मर्जर का फैसला वापस लेना होगा। पीडीए पाठशाला आंदोलन की महाजीत है। शिक्षा का अधिकार अखंड होता है और रहेगा। शिक्षा विरोधी भाजपा की ये नैतिक हार है।” गौरतलब है कि यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश सरकार के सरकारी स्कूलों के मर्जर के फैसले के विरोध से जुड़ा है। सपा इस कदम को ‘शिक्षा विरोधी’ बता रही है और इसी के विरोध में ‘PDA पाठशाला’ की शुरुआत की गई है।
क्या है PDA?
PDA का अर्थ है — पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक। यह समाजवादी पार्टी की एक राजनीतिक रणनीति है, जिसका उद्देश्य इन वर्गों को एकजुट करना और उनके अधिकारों की रक्षा करना है।

