रामपुर: दो पैन कार्ड मामले में रामपुर जेल में बंद सपा नेता आजम ख़ान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से मिलने के लिए उनके परिवार के सदस्य जेल पहुंचे, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। बाप-बेटे दोनों ने परिवार के सदस्यों से मिलने से इनकार कर दिया है। इसपर जेल प्रशासन का अभी तक कोई जवाब नहीं आया है।
जेल प्रशासन ने क्यों साधी चुप्पी ?
जेल प्रशासन ने इस मामले में अभी तक चुप्पी साध रखी है कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है दो पैन कार्ड मामले में सपा नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को पिछले दिनों सात साल की सजा सुनाई गई थी। दोनों ही रामपुर की जेल में बंद हैं। जेल में मिलने के लिए तमाम लोग हर रोज पहुंच रहे हैं, लेकिन मुलाकात नहीं हो पा रही है।
आज़म से मुलाक़ात को पहुंचा परिवार
बुधवार को आज़म ख़ान और अब्दुल्लाह से मुलाक़ात करने पत्नी डॉ. तजीन फात्मा, बड़े बेटे अदीब आजम और बहन निखहत रामपुर जेल पहुंचीं, जहां उनकी मुलाकात के लिए अर्जी लगाई।
जेल सूत्रों के मुताबिक, आजम ख़ान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम ने परिवार से मिलने से साफ़ इनकार कर दिया, जिसके बाद तीनों वापस लौट आए हैं।
अब्दुल्ला के केस में कोर्ट नहीं पहुंचा गवाह
दो पैन कार्ड मामले में सजा काट रहे अब्दुल्ला आजम के खिलाफ दर्ज वोटरों को धमकाने के मामले में सुनवाई नहीं हो सकी। गंज थाने में दर्ज इस मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही है। बुधवार को इस मामले की सुनवाई होनी थी, लेकिन गवाह नहीं पहुंचा, जिसके चलते मामले की सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले की सुनवाई 23 दिसंबर को होगी।

