Weather Update : देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बीते कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने आम लोगों की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित किया है। जहां एक ओर लोगों को तपती गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर शहरों की सड़कों और ग्रामीण इलाकों में जलभराव की समस्या ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले 1–2 दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है। विभाग ने जानकारी दी कि कश्मीर से लेकर पूर्वी, मध्य, दक्षिण और उत्तर-पश्चिम भारत के करीब 17 राज्यों में 8 अक्तूबर तक बारिश और खराब मौसम की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में राहत की बारिश
दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में गुरुवार को हुई तेज बारिश ने तापमान को गिरा दिया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 अक्तूबर तक राजधानी और एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी, जिससे मौसम खुशनुमा रहेगा।
उत्तर प्रदेश में बारिश का असर
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश से नुकसान की खबरें सामने आई हैं। राजधानी लखनऊ में आज का मौसम सुहाना बना हुआ है और शाम तक बरसात होने की संभावना जताई गई है। विभाग का कहना है कि 4 अक्तूबर को पूर्वी यूपी के कई जिलों में भी बारिश हो सकती है। लगातार हुई बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है।
पहाड़ी राज्यों में भी मेघगर्जन के आसार
IMD की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, 4 अक्तूबर तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं। वहीं, पंजाब के कुछ हिस्सों में भी बरसात होने की संभावना जताई गई है।
ये भी पढ़े – आगरा में दुर्गा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, 11 लोगों की नदी में डूबने से मौत
पूर्वोत्तर और अन्य राज्यों का हाल
मौसम विभाग (Weather Update) के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 से 7 अक्तूबर तक बारिश का दौर बना रहेगा। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, असम और मेघालय के कई हिस्सों में भी आज भारी बारिश होने के आसार हैं।

