UP Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास की आड़ में एक शादीशुदा युवती को दरिंदगी का शिकार बनाया गया। इलाज के नाम पर बुलाए गए दो बुजुर्ग तांत्रिकों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। मामला सजेती थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बुरी आत्मा का है साया
पीड़िता 22 साल की है और बीते करीब दो साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है। परिजनों ने उसका इलाज कई जगह कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसी दौरान महिला के मामा ने सलाह दी कि उसे एक तांत्रिक के पास ले जाया जाए, जो कथित तौर पर “बुरी आत्मा” से मुक्ति दिला सकता है। अंधविश्वास में फंसे परिजन उसकी बातों में आ गए।
झाड़-फूंक के लिए एकांत जरूरी
इसके बाद युवती को घाटमपुर के बसौरा गांव निवासी 70 वर्षीय तांत्रिक रामजीवन के घर ले जाया गया। वहां पहले से ही 65 साल का एक और तांत्रिक मौजूद था। दोनों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि युवती पर शैतानी साया है और झाड़-फूंक के लिए उसे एकांत में रखना जरूरी है। तांत्रिकों की बातों पर भरोसा कर पिता ने युवती को बंद कमरे में भेज दिया।
तंत्र-मंत्र का नाटक
कमरे के अंदर तंत्र-मंत्र का नाटक चलता रहा, लेकिन असल में वहां कुछ और ही हो रहा था। दोनों बुजुर्गों ने घंटों तक युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पीड़िता दर्द और डर से टूटती रही, और आखिरकार बेहोश हो गई। जब युवती की हालत बिगड़ गई, तब दोनों आरोपी कमरे से निकलकर भागने लगे। कुछ देर बाद होश में आने पर युवती ने पूरी आपबीती परिजनों को बताई। पिता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से कुछ दूरी पर ही दोनों आरोपियों को दबोच लिया। उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास और ढोंगी तांत्रिकों के खतरनाक चेहरे को उजागर कर दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव: शुरुआती रुझानों में BJP को 600 सीटों पर बढ़त; नागपुर, मुंबई और सोलापुर में भी आगे

