Ghazipur: गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र के बड़सरा इलाके में पुलिस और गौ तस्करों के बीच बुधवार देर रात एक मुठभेड़ हुई। पुलिस टीम जब नियमित गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही थी, तभी उन्होंने दो पिकअप वाहनों को तेजी से भागते हुए देखा। शक होने पर पुलिस ने वाहनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन इसी दौरान गौ तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
6 जीवित गौवंश किए बरामद
पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए। घायलों सहित कुल 6 गौ तस्करों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है।
पुलिस ने मौके पर खड़ी दोनों पिकअप गाड़ियों की तलाशी ली, जिनमें से 6 जीवित गौवंश बरामद किए गए। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन गौवंशों को अवैध तस्करी के लिए ले जा रहे थे।
घायलों को भेजा अस्पताल
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और बाकी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गौ तस्करी पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

