Bhangel elevated road : नोएडा में भंगेल एलिवेटेड रोड (Bhangel elevated road) का लंबे समय से इंतजार करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। कोरोना काल से शुरू हुआ इसका काम अब जाकर पूरा हुआ है। आपको बता दें कि इस एलिवेटेड रोड को बनाने में प्राधिकरण को करीब पांच साल लग गए हैं। किसी न किसी वजह से कई बार इसका काम रुक रहा था। सोमवार को इस एलिवेटेड रोड पर बिटुमिन डालने का काम पूरा कर लिया गया है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि अगले महीने तक इस रोड को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। कई सालों से निवासी रोड के बन जाने के सपने देखने लगे थे। जिसकी वजह से इस परियोजना को बीरबल की खिचड़ी कहा जा रहा था।
भंगेल एलिवेटेड रोड का काम पूरा हुआ
सेक्टर-41 आगाहपुर से फेस टू के पास नाले तक बनने वाले इस भंगेल एलिवेटेड रोड पर कुल 608 करोड़ रुपये की लागत आई है। दादरी-सूरजपुर-छलेरा (डीएससी) रोड पर बनने वाली यह परियोजना यातायात की समस्या का एक बड़ा समाधान साबित होगी। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, अब एलिवेटेड रोड पर लाइटिंग व्यवस्था और एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर सौंदर्यीकरण का काम शुरू होगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर कर्व पर कवरिंग शीट भी लगाई जाएगी, जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके। नोएडा विकास प्राधिकरण के एसीईओ संजय खत्री ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की प्राथमिकता पहले एलिवेटेड रोड को चालू करना है। उन्होंने बताया कि एलिवेटेड रोड पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने के बाद ही नीचे वाली सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
लूप निर्माण के लिए अलग टेंडर
एलिवेटेड रोड पर चढ़ने और उतरने के लिए चार लूप्स का निर्माण किया जाएगा। सेक्टर-49-107 चौराहे पर दोनों ओर दो-दो लूप बनाए जाने का प्रस्ताव है। सेक्टर-37 से सेवन एस सेंटर की ओर जाने के लिए हनुमान मूर्ति के पास एक लूप बनेगा, जबकि सेवन एस से फेस टू होकर सूरजपुर की ओर जाने वालों के लिए अलग लूप होगा। इसी प्रकार सेक्टर-107 की दिशा में भी चढ़ने-उतरने के लिए लूप्स का निर्माण होगा। इन लूप्स के निर्माण के लिए अलग से टेंडर जारी किया जाएगा और यह काम छह महीने में पूरा होने का अनुमान है।
ढाई साल की देरी के बाद पूरा हुआ काम
यह परियोजना मूल रूप से जून 2020 में शुरू हुई थी और दिसंबर 2022 तक पूरी होनी चाहिए थी। लेकिन करीब ढाई साल की देरी के बाद अब यह काम पूरा हो रहा है। इस देरी से आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि काम के पूरा न होने तक वहां पर ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई हुई थी। भंगेल या बरोला से फेस-टू जाने के लिए लोगों को गेझा होते हुए जाना पड़ रहा था। समय के साथ-साथ वहां से जा रहे लोगों को किराया भी दोगुना देना पड़ रहा था। ऐसे ही बरोला-भंगेल से होकर जाने के लिए लोगों को लंबा रास्ता लेना पड़ रहा था।
ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मिलेगी राहत
भंगेल एलिवेटेड रोड के चालू होने से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर वाहनों के दबाव में काफी कमी आएगी। चिला बॉर्डर, डीएनडी या कालिंदी कुंज से आने वाले लोग इस एलिवेटेड रोड के जरिए सूरजपुर के अलावा ग्रेटर नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में आसानी से पहुंच सकेंगे। फिलहाल ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर महामाया फ्लाईओवर के पास पीक आवर्स में वाहनों की लंबी कतारें लगती हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है। इस नई सड़क से इस समस्या का काफी हद तक समाधान हो जाएगा। सड़का का निर्माण कार्य तो पूरा हो गया है अब देखना यह होगा कि प्राधिकरण की पांच साल की मेहनत कितनी सफल होती है।
ये भी पढ़े- यूपी में चली तबादला एक्सप्रेस : नोएडा में मेधा रूपम, 23 आईएएस अधिकारियों का ट्रांसफर

