होम = State = उत्तर प्रदेश = Noida News : वर्दी का नशा पड़ा भारी, नोएडा पुलिस ने पकड़ी फर्जी महिला अधिकारी

Noida News : वर्दी का नशा पड़ा भारी, नोएडा पुलिस ने पकड़ी फर्जी महिला अधिकारी

Fake officer arrested: नोएडा पुलिस ने मंगलवार को सेक्टर-148 मेट्रो स्टेशन से एक महिला को गिरफ्तार किया, जो पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को कस्टम अधिकारी बता रही थी। जांच में पता चला कि महिला का किसी भी पुलिस बल या सरकारी विभाग से कोई संबंध नहीं है।

गिरफ्तार महिला की पहचान अलीशा, निवासी हापुड़ कोतवाली क्षेत्र, मोहल्ला खाई के रूप में हुई है। वर्तमान में वह पिलखुवा थाना क्षेत्र के जवाहर बाजार में रह रही थी। प्रभारी उपनिरीक्षक वंदना अहलावत ने बताया कि उसकी गतिविधियों पर संदेह होने पर पूछताछ की गई। पूछताछ में सच्चाई सामने आई कि वह फर्जी वर्दी पहनकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही थी।

सूचना मिलते ही क्विक रिस्पांस टीम (QRT) मौके पर पहुंची और जांच के बाद पुष्टि की कि अलीशा का पुलिस से कोई संबंध नहीं है। स्टेशन कंट्रोलर ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद महिला को हिरासत में लेकर थाना नॉलेज पार्क के हवाले कर दिया गया।

पुलिस ने अलीशा के खिलाफ फर्जी पहचान और वर्दी के दुरुपयोग का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि महिला का मकसद क्या था और क्या वह किसी बड़े अपराध में शामिल थी।

यह घटना मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। इतने संवेदनशील स्थान पर फर्जी वर्दी में महिला का पहुंचना सुरक्षा खामियों की ओर इशारा करता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाने में सूचित करें।

बंगाल