होम = State = दिल्ली/NCR = 20 मिनट में नोएडा से दिल्ली! खुलने जा रहा द्वारका एक्सप्रेसवे, पीएम मोदी करेंगे उद्धघाटन

20 मिनट में नोएडा से दिल्ली! खुलने जा रहा द्वारका एक्सप्रेसवे, पीएम मोदी करेंगे उद्धघाटन

Dwarka Expressway Opening : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) रविवार को दो बड़े सड़क प्रोजेक्ट का उद्घाटन करने वाले हैं। इनमें पहला है शहरी विस्तार मार्ग-II (UER-II) और दूसरा है द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली वाला हिस्सा। इन दोनों प्रोजेक्ट्स के शुरू होने से नोएडा से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचना अब बहुत आसान हो जाएगा। अभी जहाँ यह सफर लंबा और ट्रैफिक से भरा हुआ होता है, वहीं इन नई सड़कों के शुरू होने के बाद नोएडा से IGI एयरपोर्ट तक सिर्फ 20 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। यह खबर उन यात्रियों के लिए राहत की बात है, जिन्हें रोजाना हवाई अड्डे और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में आना-जाना पड़ता है।

जानिए क्या है पूरी योजना

UER-II लगभग 75.71 किलोमीटर लंबी सड़क है, जिसे पांच हिस्सों में बांटकर बनाया गया है। इसकी कुल लागत करीब 6,445 करोड़ रुपये है। इसमें से 54 किलोमीटर हिस्सा दिल्ली में और 21.5 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में बनाया गया है। इस सड़क का फायदा सबसे ज़्यादा गुरुग्राम, पश्चिमी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली के लोगों को होगा। अब उन्हें धौला कुआं या रिंग रोड जैसे भीड़भाड़ वाले रास्तों से होकर नहीं जाना पड़ेगा। इस सड़क से वे सीधे NH-44, चंडीगढ़, पंजाब और जम्मू-कश्मीर की ओर आसानी से जा सकेंगे।

20 मिनट में नोएडा से IGI एयरपोर्ट

दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट है द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली वाला हिस्सा, जिसकी लंबाई 10.1 किलोमीटर है। इसमें से 5.1 किलोमीटर का एक हिस्सा सुरंग (टनल) के रूप में बनाया गया है। यह सुरंग सीधे IGI एयरपोर्ट से जुड़ती है, जिससे एयरपोर्ट तक पहुँचना और भी आसान हो जाएगा। एक्सप्रेसवे का हरियाणा वाला हिस्सा, जो लगभग 29 किलोमीटर लंबा है, पहले ही मार्च 2024 में शुरू हो चुका है। अब दिल्ली का हिस्सा भी चालू होने से नोएडा, गुरुग्राम और दिल्ली के बीच सफर पहले से कहीं तेज़ और आरामदायक हो जाएगा।

दिल्ली-एनसीआर के पांच बड़े एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा

इन प्रोजेक्ट्स से भविष्य में और भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। अक्षरधाम मंदिर के पास से शुरू होने वाला UER-II दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इसका मतलब यह है कि हरियाणा और राजस्थान से देहरादून जाने वाले यात्रियों को तेज़ और आसान मार्ग मिलेगा। इसके अलावा, ट्रोनिका सिटी से FNG एक्सप्रेसवे तक 65 किलोमीटर लंबा नया हाईवे भी मंजूर किया गया है। यह नया हाईवे दिल्ली-एनसीआर के पांच बड़े एक्सप्रेसवे—दिल्ली-देहरादून, दिल्ली-मेरठ, नोएडा-ग्रेटर नोएडा, डीएनडी-फरीदाबाद और यमुना एक्सप्रेसवे—को आपस में जोड़ देगा। इससे पूरे NCR का सड़क नेटवर्क और भी मजबूत हो जाएगा।

दिल्ली-एनसीआर में जाम की बदलेगी तस्वीर

अगर इन दोनों प्रोजेक्ट्स के फायदे देखें तो यह साफ है कि इनसे यात्रियों का समय बचेगा और सफर आरामदायक होगा। दिल्ली की सड़कों पर जाम और भीड़ कम होगी। व्यापार और लॉजिस्टिक्स को गति मिलेगी, क्योंकि सामान एक जगह से दूसरी जगह जल्दी पहुँच पाएगा। इसके साथ ही, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की ज़िंदगी भी आसान हो जाएगी। कुल मिलाकर, ये प्रोजेक्ट्स दिल्ली-एनसीआर की तस्वीर बदलने वाले साबित होंगे और आने वाले समय में देश की राजधानी और भी बेहतर कनेक्टिविटी से जुड़ जाएगी।

ये भी पढ़े : देशभर में लागू हुआ FASTag Annual Pass : अब मिलेगी सालभर टोल से राहत, पहले ही दिन इतने लोगों ने खरीदा यह पास

Tags : Delhi News

बंगाल