Noida News : नोएडा के सेक्टर-110 स्थित लोटस पनाश सोसायटी में मंगलवार देर रात आवारा कुत्तों को पकड़ने गई प्राधिकरण की टीम और डॉग लवर्स आमने-सामने आ गए। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि करीब चार घंटे तक हंगामा चलता रहा और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
बच्चे को कुत्ते ने काटा, टीम पहुंची पकड़ने
दरअसल, 17 अगस्त को सोसायटी में एक मासूम बच्चे को आवारा कुत्ते ने काट लिया था। घटना के बाद निवासियों ने प्राधिकरण से शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की। इसी के आधार पर मंगलवार रात करीब 10 बजे डॉग कैचिंग टीम सोसायटी पहुंची।
रात दो बजे तक गूंजा हंगामा
डॉग लवर्स ने टीम को रोकने की कोशिश की और कहा कि वे सिर्फ आक्रामक कुत्तों को ही पकड़ें। गेट पर करीब सैकड़ों लोग जमा हो गए, जिससे सोसायटी का प्रवेश द्वार घंटों तक घिरा रहा। इस बीच निवासियों और डॉग लवर्स के बीच बहस बढ़ती चली गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल शांत कराने की कोशिश की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि केवल उसी कुत्ते को पकड़ा जाएगा जिसने बच्चे को काटा था।
सोशल मीडिया से भड़का विवाद
टीम के पहुंचने की खबर जैसे ही सोशल मीडिया पर फैली, यह अफवाह फैल गई कि सोसायटी में मौजूद सभी कुत्तों को पकड़ लिया जाएगा। देखते ही देखते न केवल सोसायटी बल्कि आसपास के सेक्टरों और अन्य आवासीय इलाकों से बड़ी संख्या में डॉग लवर्स गेट पर जुट गए।
टीम खाली हाथ लौटी
करीब चार घंटे चले इस अभियान के बावजूद कुत्ता पकड़ में नहीं आ सका। रात दो बजे तक डॉग कैचिंग टीम और पुलिस सोसायटी में डटे रहे, जबकि बाहर डॉग लवर्स भी लगातार विरोध करते रहे। अंत में टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।
ये भी पढ़े : सुरक्षा के नए निर्देश, 20 KM दायरे में बिना NOC नहीं होगा कोई निर्माण
निवासियों में रोष
सोसायटी (Noida News) के कई निवासियों का कहना है कि आवारा कुत्ते अक्सर सोसायटी परिसर में बच्चों और बुजुर्गों को काट लेते हैं। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हो पाती। उनका आरोप है कि डॉग लवर्स के विरोध के कारण समस्या और बढ़ रही है।

