Noida Stadium News : इस वर्ष दशहरे के मौके पर नोएडा स्टेडियम एक बार फिर रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतलों के दहन का गवाह बनेगा। इन पुतलों को ग़ाज़ियाबाद के कलाकार मोहम्मद आसिफ़ और मोहम्मद इमरान ने अपनी कला और मेहनत से तैयार किया है। दोनों पिछले पंद्रह दिनों से दिन-रात जुटकर पुतलों को सजाने और तैयार करने में लगे रहे हैं।
पुतलों की ऊँचाई लगभग 80 फीट
ख़ास बात यह है कि इन पुतलों की ऊँचाई लगभग 80 फीट है। इतनी ऊँचाई पर पुतलों का संतुलन बनाए रखना और सभी अंगों को सही ढंग से रखना एक बड़ी चुनौती है, जिसे इन कलाकारों ने बखूबी निभाया है।
मोहम्मद आसिफ़ और मोहम्मद इमरान ऐसे परिवार से ताल्लुक रखते हैं, जो पीढ़ियों से दशहरे के पुतले बनाने की कला से जुड़े रहे हैं। उनका कहना है कि यह सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि एक विरासत है, जिसे वे आगे भी जीवित रखना चाहते हैं।
दशहरे के दिन नोएडा स्टेडियम में हज़ारों लोग जुटेंगे। यहां भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध की परंपरा को रंगारंग कार्यक्रमों और आतिशबाज़ी के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। पुतला दहन इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा।
संस्कृति, आस्था और परंपरा के इस संगम में इन कलाकारों की मेहनत एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उनकी कला न केवल मनोरंजन करती है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि अच्छाई की हमेशा बुराई पर जीत होती है।
हम प्रभु श्रीराम का काम कर रहे है
कलाकार मोहम्मद इमरान ने बताया कि करीब 1 महीने से रावण ही बना रहे है। हिंदू मुस्लिम पर उन्होंने कहा कि ये हमारा खानदानी काम है। उनके दादा -परदादा के समय से ही उनका ये ही काम चल रहा है। कलाकार मोहम्मद आसिफ़ ने कहा कि हम प्रभु श्रीराम का काम कर रहे है, इसमें हिंदू- मुस्लिम की कोई बात नहीं है। हम अपना काम कर रहे है।

