Nodia Police : Nodia Police ने एक बार फिर अपनी तेज कार्रवाई और संवेदनशीलता का परिचय दिया है। गुरुवार को पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर दो गंभीर रूप से बीमार जुड़वां बच्चों को दिल्ली से नोएडा स्थित अस्पताल तक सुरक्षित और समय पर पहुंचाया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने मात्र 3 मिनट 50 सेकंड में लगभग 6 किलोमीटर की दूरी तय करवाई। दोनों बच्चों का इलाज फिलहाल सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई अस्पताल में किया जा रहा है।
दिल्ली से नोएडा तक बनाया गया विशेष मार्ग
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चों का इलाज पहले दिल्ली के नजफगढ़ स्थित SAPLING अस्पताल में चल रहा था। डॉक्टरों ने उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए तुरंत बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उन्हें चाइल्ड पीजीआई, नोएडा रेफर कर दिया। बच्चों को समय पर पहुंचाना बेहद जरूरी था, इसलिए अस्पताल प्रबंधन ने नोएडा पुलिस से मदद मांगी।
ट्रैफिक के बीच पुलिस के लिए बड़ी चुनौती
नोएडा DND मार्ग पर आमतौर पर भारी ट्रैफिक रहता है, खासकर व्यस्त समय में जाम की स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। ऐसे में बच्चों को सुरक्षित और समय पर अस्पताल पहुंचाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। लेकिन पुलिस ने तुरंत निर्णय लेते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाने की प्रक्रिया शुरू की।
6 किमी की दूरी, सिर्फ 3 मिनट 50 सेकंड में
पुलिस ने ISTMS(इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) की मदद से रास्ते के सभी ट्रैफिक सिग्नल को नियंत्रित किया। हर चौराहे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहे ताकि एंबुलेंस को कहीं भी रुकना न पड़े। पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ी ने पूरे रास्ते एंबुलेंस को सुरक्षा प्रदान की। आमतौर पर यह सफर जाम की वजह से लंबा हो जाता है, लेकिन पुलिस की तत्परता से बच्चों को कुछ ही मिनटों में अस्पताल पहुंचा दिया गया।
ये भी पढ़े : दहेज हत्या या सिलेंडर हादसा? निक्की की मौत पर पुलिस की जांच तेज
परिजनों ने जताया आभार, लोगों ने की सराहना
बच्चों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने के बाद उनके परिवार ने नोएडा पुलिस का धन्यवाद किया। परिजनों ने कहा कि अगर समय पर ग्रीन कॉरिडोर न बनाया जाता तो बच्चों की हालत और बिगड़ सकती थी। इस मानवीय पहल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नहीं, बल्कि आपात स्थितियों में जीवन बचाने वाली भूमिका भी निभाती है।

