होम = State = उत्तर प्रदेश = मुंबई में गणेश उत्सव के दौरान ब्लास्ट की धमकी देने वाला आरोपी नोएडा से गिरफ्तार, बिहार से भी है कनेक्शन

मुंबई में गणेश उत्सव के दौरान ब्लास्ट की धमकी देने वाला आरोपी नोएडा से गिरफ्तार, बिहार से भी है कनेक्शन

Mumbai Bomb Blast Threat :  मुंबई में गणेश उत्सव के दौरान एक बड़े ब्लास्ट की धमकी देने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किया गया है.आरोपी की पहचान 50 वर्षीय अश्विन कुमार सुप्रा के रूप में हुई है. वह बिहार के पटना का रहने वाला है और पिछले 5 सालों से नोएडा में ज्योतिष और वास्तु शास्त्र का काम कर रहा था.

क्या है मामला

गुरुवार देर रात मुंबई पुलिस को एक व्हाट्सएप संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें आरोपी ने दावा किया था कि लश्कर-ए-जिहादी के 14 आतंकी मुंबई में घुस चुके हैं और 400 किलो RDX 34 गाड़ियों में फिट कर दिया गया है,जिसके परिणामस्वरूप एक बड़ा विस्फोट हो सकता है, जिससे एक करोड़ लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है. इस धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने तात्कालिक रूप से हाई अलर्ट घोषित कर दिया और मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी.

जांच में जुटी मुंबई पुलिस

जांच में जुटी मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से आरोपी की पहचान की और शनिवार को नोएडा के सेक्टर-79 स्थित सोसाइटी से उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से उसके मोबाइल फोन और सिम कार्ड के अलावा 4 सिम कार्ड होल्डर, 6 मेमोरी कार्ड होल्डर, एक सिम स्लॉट एक्सटर्नल और दो डिजिटल कार्ड बरामद किए गए हैं.

बदला लेने के लिए भेजा था धमकी वाला मैसेज

पूछताछ में अश्विन ने पुलिस को बताया कि वह 2023 में पटना में एक धोखाधड़ी के मामले में तीन महीने तक जेल में था. उस दौरान एक व्यक्ति, फिरोज, ने उसके खिलाफ शिकायत की थी. अश्विन ने यह स्वीकार किया कि उस समय से ही उसे फिरोज से बदला लेने का विचार था, और उसने इसी कारण मुंबई पुलिस को धमकी भरा संदेश भेजा. हालांकि, फिरोज और धोखाधड़ी के मामले के बारे में पुलिस अभी तक अधिक जानकारी हासिल नहीं कर पाई है.

ये भी पढ़ें : गावस्कर ने दी टीम इंडिया को नसीहत, कहा-संजू सैमसन को प्लेइंग-11 से बाहर नहीं कर सकते

अश्विन कुमार सुप्रा को अब मुंबई पुलिस अपने साथ ले गई है, जहां उसकी आगे की पूछताछ की जाएगी. पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है, और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या आरोपी का कोई और संदिग्ध कनेक्शन है.

बंगाल