Navratri 2025 : गाज़ियाबाद के इंदिरापुरम स्थित शिप्रा सनसिटी फेज-वन सोसायटी में दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया। यहां पूजा पंडाल के मुख्य प्रवेश द्वार पर चिकन-मटन कबाब और एग रोल बेचने वाले स्टॉल लगाए गए थे। इसका वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर सामने आया, लोगों ने कड़ा विरोध जताना शुरू कर दिया।
वायरल वीडियो, जिसकी लंबाई करीब 1 मिनट 29 सेकंड बताई जा रही है, वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि पूजा पंडाल के भीतर ही नॉनवेज आइटम्स खुलेआम बिक रहे हैं। वीडियो बनाने वाला शख्स भी कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि फूल-माला और पूजा सामग्री की जगह यहां कबाब और तंदूरी परोसा जा रहा है।
लोगों में आस्था को लेकर आक्रोश
स्थानीय निवासियों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं का कहना है कि समिति के पदाधिकारी आर्थिक लाभ के लिए ऐसे स्टॉल लगवाकर भक्तों की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे हैं। उनका आरोप है कि धार्मिक आयोजन में ऐसी लापरवाही अस्वीकार्य है।
सीएम आदेश का उल्लंघन
लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवरात्र के दौरान मांसाहारी दुकानों पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद सोसायटी परिसर में खुलेआम इन निर्देशों की अनदेखी की गई।
डांडिया नाइट में भी बवाल
इसी सोसायटी में शुक्रवार को आयोजित डांडिया नाइट के दौरान भी हंगामे की स्थिति बन गई। वायरल वीडियो में युवाओं का एक ग्रुप एक युवक से मारपीट करता दिखा। इस घटना ने लोगों में और अधिक नाराज़गी फैला दी।
कार्रवाई करते हुए नॉनवेज स्टॉल हटवाया
विवाद बढ़ता देख पूजा समिति ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नॉनवेज स्टॉल हटवा दिए। समिति की मीडिया प्रभारी अरुणिमा सिंघल ने बताया कि, “भक्तों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान हमारी पहली प्राथमिकता है। किसी भी तरह से आस्था को ठेस नहीं पहुंचने दी जाएगी।”
ये भी पढ़े – रायबरेली में मुस्लिम युवती ने हिंदू युवक से रचाई शादी, फलकनाज बनी पलक बाजपेयी
यह पूरा मामला (Navratri 2025) अब स्थानीय प्रशासन के संज्ञान में आ चुका है और लोग इस पर सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

