होम = State = उत्तर प्रदेश = मोमोज खाने गई किशोरी की रहस्यमयी मौत: परिजनों ने लगाया दुष्कर्म व हत्या का आरोप, थाने के बाहर हाईवे जाम

मोमोज खाने गई किशोरी की रहस्यमयी मौत: परिजनों ने लगाया दुष्कर्म व हत्या का आरोप, थाने के बाहर हाईवे जाम

UP News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत के बाद सनसनी फैल गई है। मामला कटघर थाना क्षेत्र का है, जहाँ 14 अक्टूबर की शाम एक किशोरी अपनी पड़ोसी युवती के साथ घर से मोमोज खाने के बहाने निकली थी, लेकिन कुछ घंटों बाद उसकी अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिली। इलाज के दौरान किशोरी की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

किशोरी की मां के अनुसार, उसकी बेटी शाम छह बजे पड़ोस की युवती के साथ निकली थी। रात करीब साढ़े आठ बजे परिवार को सूचना मिली कि बेटी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि किशोरी को उसकी सहेली और एक अज्ञात युवक ने भर्ती कराया था। हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ रेफर किया गया, लेकिन मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया।

थाने के बाहर हाईवे जाम, कार्रवाई की मांग

किशोरी की मौत की खबर लगते ही परिजन आक्रोशित हो गए। मंगलवार रात करीब आठ बजे वे शव लेकर कटघर थाने पहुंचे और हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन भीड़ बेकाबू होती जा रही थी। सूचना मिलते ही SP सिटी कुमार रण विजय सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए और जाम हटा लिया गया।

दोस्तों पर माँ का आरोप

किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी के साथ दो युवक और वह युवती थी। आरोप है कि युवकों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और फिर बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला कुछ अलग दिख रहा है। एसपी सिटी के अनुसार, जांच में सामने आया है कि किशोरी अपनी सहेली के साथ मूंढापांडे क्षेत्र में दो युवकों के साथ बाइक पर घूमने गई थी, इसी दौरान वह बाइक से गिरकर घायल हुई थी। फिलहाल, पुलिस ने एक युवती और दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के साक्ष्य के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला रहस्य से भरा हुआ है दुर्घटना या साज़िश, इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा।

ये भी पढ़े:  दिल्ली का ‘दिल’ Connaught Place: जानिए क्यों रखा गया इसका ये शाही नाम

Tags : up news

बंगाल