Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला दिया। केसी घाट के पास श्रद्धालुओं से भरी एक नाव अचानक अनियंत्रित होकर पांटून पुल से टकरा गई और देखते ही देखते यमुना नदी में पलट गई। इस नाव में करीब 25 लोग सवार थे, जो हादसे के बाद पानी में गिरकर डूबने लगे।
मौके पर मची अफरा-तफरी
नाव पलटते ही घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। श्रद्धालुओं की चीख-पुकार गूंजने लगी और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए प्रयास शुरू किए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई और बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
15 लोगों को बचाया गया
अब तक चलाए गए बचाव अभियान में करीब 15 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, इस हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बाकी लापता लोगों की तलाश अभी भी जारी है।
गहरे पानी में जारी है तलाश अभियान
गोताखोर लगातार यमुना के गहरे पानी में उतरकर लापता लोगों की खोज में जुटे हुए हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य को तेज करने के लिए अतिरिक्त टीमों को भी लगाया है। हालांकि, घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा होने से राहत कार्य में कुछ दिक्कतें आ रही हैं।
प्रशासन की अपील और निगरानी
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और बचाव दल का सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों द्वारा पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है, ताकि जल्द से जल्द सभी लापता लोगों का पता लगाया जा सके।
ये भी पढ़ें: त्याग और संघर्ष की मिसाल, हर मोर्चे पर तैनात पुलिस, आइए जानते है कर्तव्य के पीछे छिपी अनदेखी कहानी

