Aligarh News : उत्तर प्रदेश के अलीगढ जिले से एक अजीब घटना सामने आईं है। बिहार से आईं 12 युवतियों ने इगलास पहुंचकर जिले के 12 युवकों से शादी रचाई, लेकिन शादी के 24 घंटे के भीतर ही वे जेवरात लेकर गायब हो गईं।
इसमें खास बात यह रही कि शादी करवा चौथ के दिन (शुक्रवार) को हुई थी। सभी युवतियों ने व्रत रखा, चांद देखकर व्रत खोला, और शाम को परिवार के साथ सामान्य व्यवहार किया।
रात के भोजन में उन्होंने परिजनों को कुछ नशीला पदार्थ मिलाकर खाना खिलाया। इसके बाद सभी जेवरात और कीमती सामान लेकर चुपचाप फरार हो गईं।जैसे ही ससुराल के लोगों ने खाना खाया वैसे ही गहरी नींद में सो गए। और फिर यह दुल्हनें जेवरात लेकर भाग गईं।
12 युवतियां जेवरात लेकर गायब
अब तक चार परिवार शिकायत करने सामने आए हैं, जिनमें से सासनी गेट के परिवार ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जांच में 12 शादियां होना व सभी 12 युवतियों का जेवरात लेकर गायब होना उजागर हुआ है। अब पुलिस मामले की पूरे छान-बीन में लग रही है।
यह मामला शनिवार को तब सामने आया, जब इस ठगी का शिकार हुए चार परिवार मदद के लिए पूर्व मेयर शकुंतला भारती के पास पहुंचे। सासनी गेट, मथुरा रोड निवासी निहाल शर्मा और उनके बेटे प्रतीक शर्मा ने बताया कि उनकी पहचान इगलास निवासी सचिन ठाकुर से है। सचिन ने ही उन्हें यह रिश्ता बताया था।
सचिन ने बताया कि यह सारा संपर्क इगलास के मुकेश गुप्ता के माध्यम से हुआ था, जिसकी खुद की शादी भी बिहार की एक महिला से हुई है।
निहाल शर्मा ने बताया कि सचिन ठाकुर लगातार बिहार से शादी के लिए युवतियों को बुला रहा था। इसी लालच में उन्होंने अपने बेटे की शादी के लिए हामी भर दी।
बृहस्पतिवार को उन्हें इगलास स्थित सचिन के घर बुलाया गया, जहां पहुंचने पर एक साथ 12 युवतियां खड़ी थीं। बताया गया कि ये सभी आज सुबह ही बिहार से आई हैं।
वहीं, निहाल शर्मा जैसे 12 अन्य परिवार भी अपने बेटों के लिए रिश्ता तय करने वहां पहुंचे थे। सभी ने उसी दिन शादी की, लेकिन अगले ही दिन ठगी का शिकार हो गए।
शादी कर 24 घंटे के भीतर फरार
इगलास में बिहार से आई 12 युवतियों ने करवा चौथ के दिन शादी कर 24 घंटे के भीतर जेवरात और कीमती सामान लेकर फरार हो गईं।
प्रतीक शर्मा ने एक युवती को पसंद कर 1.20 लाख रुपये मुकेश गुप्ता व सचिन ठाकुर को ऑनलाइन दिए थे। इसी तरह वीर सिंह ने अपने बेटे प्रेमवीर की शादी के लिए 1.30 लाख रुपये ट्रांसफर किए।
शुक्रवार को अलग-अलग जगहों पर शादियां हुईं। प्रेमवीर की शादी हाथरस कोर्ट में कराई गई, जिसमें युवती की बहन और बहनोई गवाह बने। उनके आधार कार्ड पर बिहार के रोहतास जिले का पता मिला है।
थाने में FIR दर्ज
प्रतीक की शादी घर में हुई और करवा चौथ के दिन परंपरागत पूजा और जेवर पहनाने की रस्म भी निभाई गई। रात में सभी ने खाना खाया और सो गए।
सुबह जब परिजन जागे, तो प्रतीक और प्रेमवीर की दुल्हनें गायब थीं। जांच में पता चला कि सभी 12 युवतियां घरों से फरार हो चुकी हैं, और अपने साथ जेवरात और नकदी भी ले गईं।
पीड़ित परिवारों में से कुछ ने सासनी गेट थाने में FIR दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच कर रही है। अब तक तीन-चार परिवार सामने आए हैं, लेकिन गायब हुई युवतियों की संख्या 12 बताई जा रही है।

