होम = State = उत्तर प्रदेश = आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा, बस में लगी आग, 39 यात्री थे सवार

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा, बस में लगी आग, 39 यात्री थे सवार

Lucknow News : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। काकोरी थाना क्षेत्र के रेवरी टोल प्लाजा से ठीक पहले एक डबल डेकर एसी स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग इतनी तेज़ी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई।

टायर फटने से लगी आग

पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 4:45 बजे हुआ। दिल्ली से गोंडा जा रही 44 सीटर वातानुकूलित डबल डेकर बस (नं. BR 28 P 6333) रेवरी टोल प्लाजा से लगभग 500 मीटर पहले अचानक आग की चपेट में आ गई।

बस चालक जगत सिंह ने बताया कि आग सबसे पहले बस के एक पहिये से लगी और कुछ ही पलों में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ यात्रियों का कहना है कि टायर फटने के बाद आग भड़की थी।

ड्राइवर की सूझबूझ से बचीं 39 जानें

बता दें कि बस में उस वक्त लगभग 39 यात्री सवार थे। आग लगते ही चालक जगत सिंह ने समझदारी दिखाते हुए सभी यात्रियों को तुरंत नीचे उतार दिया। सूचना मिलते ही काकोरी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस औरफायर ब्रिगेड की टीमें ने मिलकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला ।

एक घंटे में बुझाई गई आग

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। पुलिस ने बस की तलाशी ली और पुष्टि की कि कोई भी यात्री अंदर फंसा नहीं था। सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

दूसरी बस से यात्रियों को भेजा गया गंतव्य तक

पुलिस ने बस मालिक श्यामलाल गोले से संपर्क कर यात्रियों की व्यवस्था की। सभी यात्रियों को कंपनी की दूसरी बस से उनके गंतव्य गोंडा के लिए रवाना कर दिया गया। जली हुई बस को एक्सप्रेसवे से किनारे हटा दिया गया है और फिलहाल यातायात पूरी तरह सामान्य है।

बंगाल