होम = State = उत्तर प्रदेश = लिफ्ट में कैद हुई जिंदगी : ग्रेटर नोएडा में मेड 1 घंटे बाद बेहोशी की हालत में निकली बाहर

लिफ्ट में कैद हुई जिंदगी : ग्रेटर नोएडा में मेड 1 घंटे बाद बेहोशी की हालत में निकली बाहर

Greater Noida lift : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एआईएमएस ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में शनिवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सोसायटी के डी टावर की लिफ्ट में एक घरेलू सहायिका करीब एक घंटे तक फंसी रही। लिफ्ट के भीतर लंबे समय तक बंद रहने के कारण महिला की तबीयत बिगड़ गई और जब उसे बाहर निकाला गया तो वह बेहोश थी। रेजिडेंट्स का कहना है कि लिफ्ट खराब होने की शिकायतें पहले भी कई बार दी गईं, लेकिन बिल्डर और मेंटेनेंस टीम ने कभी गंभीरता से ध्यान नहीं दिया।

क्या था पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, जब महिला 13वीं मंजिल पर लिफ्ट में चढ़ी तो अचानक बीच में लिफ्ट रुक गई। कई बार कोशिश करने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। आखिरकार रेजिडेंट्स ने पास की दूसरी सोसायटी से एक लिफ्ट ऑपरेटर बुलाकर दरवाजा खुलवाया और महिला को बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि समय रहते वह बच गई।

पुलिस और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

घटना से गुस्साए निवासियों ने बिसरख थाने में शिकायत दर्ज कराने की मांग की, लेकिन पुलिस ने एफआईआर लिखने से इनकार कर दिया। इस रवैये से नाराज रेजिडेंट्स ने कहा कि अगर समय पर मदद नहीं मिलती तो महिला की जान भी जा सकती थी। उन्होंने पुलिस और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर बिल्डर और मेंटेनेंस टीम ने जल्द ही लिफ्ट की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो वे आंदोलन करेंगे। इस घटना ने एक बार फिर हाई-राइज सोसायटियों की सुरक्षा व्यवस्था और बिल्डरों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़े : हमले पर हमले! आखिर कौन हैं एल्विश यादव का सबसे बड़ा दुश्मन? कितनी बार बन चुके निशाना