Maha Navami 2025 : नवरात्रि के महानवमी के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि, ‘सिद्धगन्धर्वयक्षाद्यैरसुरैरमरैरपि। सेव्यमाना सदा भूयात् सिद्धिदा सिद्धिदायिनी।। पावन ‘महानवमी’ की सभी श्रद्धालुओं, भक्तों और प्रदेश वासियों को अनंत शुभकामनाएं! अष्ट सिद्धि, नौ निधियों की प्रदाता, करुणामयी माँ दुर्गा के नवम स्वरूप माँ सिद्धिदात्री की कृपा से सभी को सुयशपूर्ण जीवन, समृद्धि व आरोग्यता प्राप्त हो एवं उनकी कृपा चराचर जगत पर बनी रहे, यही कामना है। जय माँ सिद्धिदात्री!’

महानवमी के दिन हवन करने का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता है कि इस पवित्र अवसर पर मां दुर्गा को प्रसन्न करने के लिए हवन, जप-तप और नाम का जाप करना चाहिए। हवन के दौरान घी और शक्कर की आहुति देने से शुभ फल प्राप्त होता है और घर में सुख-समृद्धि आती है।
कन्या पूजन का विशेष महत्व
नवरात्रि की महानवमी पर कन्या पूजन को अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है। इस दिन माता रानी की पूजा और हवन करने के बाद छोटी-छोटी कन्याओं को घर बुलाकर उन्हें श्रद्धा से भोजन कराया जाता है।
भोजन और उपहार का महत्व
कन्या पूजन के बाद जब उन्हें विदा किया जाता है, तो परंपरा के अनुसार उन्हें कुछ न कुछ उपहार या गिफ्ट अवश्य दिया जाना चाहिए। यह मां दुर्गा की कृपा प्राप्त करने का उत्तम साधन माना गया है।

