Kanpur : रावतपुर थाना क्षेत्र के विनायकपुर में शनिवार रात एक एलएलबी प्रथम वर्ष के छात्र पर मेडिकल स्टोर संचालक और उसके साथियों ने चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र को रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
दवाइयों पर डिस्काउंट मांगाने पर विवाद
जानकारी के अनुसार, घायल छात्र की पहचान अभिजीत सिंह, निवासी विनायकपुर, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अभिजीत ने इलाके के एक मेडिकल स्टोर संचालक से दवाइयों पर डिस्काउंट मांगा था। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मेडिकल स्टोर संचालक और उसके तीन साथियों ने मिलकर छात्र पर चापड़ से हमला कर दिया।
हमले में छात्र के सिर और पेट पर गंभीर चोटें आई हैं। पेट कटने से उसकी आंतें बाहर निकल आई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल रीजेंसी हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार छात्र की स्थिति बेहद गंभीर है और उसे आईसीयू में रखा गया है।

मौके पर पुलिस पहुंची
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। थाना रावतपुर पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
ACP रंजीत कुमार ने क्या कहा है?
ACP कल्याणपुर रंजीत कुमार ने बताया कि “घटना के संबंध में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया है, जबकि एक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।”

ये भी पढ़े – मुरादाबाद : रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग से मचा हड़कंप, 1 महिला की मौत, कई लोग झुलसे
इस बीच, घटना की सूचना क्षेत्र में फैलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक का लाइसेंस तत्काल रद्द किया जाए और छात्र को उचित न्याय मिले।

