Kanpur Bar Association Holi Celebration Controversy: कानपुर से सामने आए एक वायरल वीडियो ने न्यायपालिका की गरिमा और वकीलों के आचरण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 27 फरवरी 2026 को आयोजित एक कथित ‘सांस्कृतिक कार्यक्रम’ अब विवादों के केंद्र में आ गया है।
क्या है पूरा मामला
मामला कानपुर बार एसोसिएशन के लॉन का बताया जा रहा है, जहां होली मिलन समारोह के दौरान विदेशी डांसरों द्वारा आपत्तिजनक नृत्य किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंच के पीछे बार एसोसिएशन का बोर्ड साफ दिखाई देता है, जिस पर कार्यक्रम का नाम, तारीख और स्थान दर्ज है।
न्याय का मंदिर
वायरल फुटेज में देखा जा सकता है कि बेहद भड़काऊ परिधानों में विदेशी महिलाएं डांस कर रही हैं और वहां मौजूद कुछ लोग इसे उत्सव के रूप में एन्जॉय करते नजर आ रहे हैं। यह दृश्य उस स्थान के बताए जा रहे हैं, जिसे आमतौर पर ‘न्याय का मंदिर’ कहा जाता है।
जैसे ही वीडियो सामने आया, कानूनी जगत में हलचल मच गई। सोशल मीडिया यूजर्स और कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने सवाल उठाया कि क्या न्यायालय परिसर में इस तरह के आयोजन की अनुमति दी जा सकती है। आलोचकों का कहना है कि जिस जगह से समाज को न्याय और नैतिकता का संदेश जाना चाहिए, वहां इस तरह का आयोजन पूरी व्यवस्था की साख पर सवाल खड़ा करता है।
मर्यादाओं की अनदेखी
सबसे बड़ा सवाल प्रशासन और बार काउंसिल की भूमिका पर उठ रहा है। लोग जानना चाहते हैं कि कार्यक्रम की अनुमति किसने दी और निगरानी क्यों नहीं की गई। फिलहाल इस पूरे मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है, लेकिन सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग तेज हो चुकी है। यह घटना सिर्फ एक विवाद नहीं, बल्कि एक चेतावनी बनकर सामने आई है कि उत्सव और मनोरंजन के नाम पर संस्थागत मर्यादाओं की अनदेखी किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं हो सकती।
ये भी पढ़ें: The Kerala Story 2 Review: डर, साजिश और सवालों के बीच फंसी एक बेचैन करने वाली कहानी

