होम = State = उत्तर प्रदेश = ज्योति की डायरी और सुसाइड लेटर से पुलिस के हाथ लगेगा सुराग…? जानें क्या है शारदा यूनिवर्सिटी मामला

ज्योति की डायरी और सुसाइड लेटर से पुलिस के हाथ लगेगा सुराग…? जानें क्या है शारदा यूनिवर्सिटी मामला

Sharda University Suicide case : ग्रेटर नोएडा की शारदा यूनिवर्सिटी में बीडीएस की छात्रा ज्योति की आत्महत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं. पुलिस को ज्योति के हॉस्टल रूम से एक डायरी मिली है जिसमें उसने अपनी प्रताड़ना की दर्दनाक कहानी लिखी थी.ज्योति के दोस्तों ने बताया कि एक प्रोफेसर ने उसके लंबे बालों को लेकर उसे डांटा और बाल कटवाने का दबाव बनाया. इसके बाद ज्योति ने अपने बाल कटवा लिए,लेकिन प्रोफेसर द्वारा उसे ताने मारे जाते रहे. इस मामले में नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने डीन समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर दो प्रोफेसरों को गिरफ्तार किया है.

आश्वासन के बावजूद हुई प्रताड़ना

गुरुग्राम निवासी ज्योति के पिता रमेश जांगड़ा ने बताया कि उनकी बेटी ने यूनिवर्सिटी फैकल्टी द्वारा उत्पीड़न की शिकायत की थी.सोमवार को वह यूनिवर्सिटी पहुंचे और डीन व एचओडी से बात की.दोनों ने आश्वासन दिया था कि ज्योति को भविष्य में परेशान नहीं किया जाएगा.इसके बावजूद ज्योति की मानसिक प्रताड़ना जारी रही,जिसके चलते उसने यह कठोर कदम उठाया.

सुसाइड नोट में गंभीर आरोप

ज्योति ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि अगर मेरी मौत हो जाती है, तो पीसीपी और डेंटल मटेरियल के टीचर जिम्मेदार होंगे. महेंद्र सर और सैरी मैम ने मुझे मानसिक रूप से परेशान किया. उन्होंने मुझे अपमानित किया. मैं लंबे समय से डिप्रेशन में थी. मैं चाहती हूं कि वे सलाखों के पीछे जाएं. मैं अब और नहीं जी सकती.

ये भी पढ़ें : UP में और कितने छांगुर… ? लड़कियों का धर्मांतरण करा रहे प्रदेश में एक और गैंग का खुलासा 

यूनिवर्सिटी पर गंभीर लापरवाही के आरोप

छात्रों और परिजनों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि ज्योति की आत्महत्या के बाद चार घंटे तक कोई जानकारी नहीं दी गई. इस दौरान उसका शरीर नीला पड़ गया. परिजनों ने आरोप लगाया कि ज्योति का शव मंडेला हॉस्टल से कर्मचारियों ने बेडशीट में लपेटकर अस्पताल पहुंचाया, उसे स्ट्रेचर तक नहीं दिया गया. ज्योति की मां सुनीता ने कहा कि यूनिवर्सिटी में पहले भी दो छात्राओं ने आत्महत्या की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.

पुलिस की मारपीट का वीडियो वायरल

घटना के बाद छात्रों और परिजनों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर लाठीचार्ज और मारपीट के आरोप लगे. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी छात्रों को लात-घूंसे मारते दिख रहे हैं. एक अन्य वीडियो में ज्योति की मां फैकल्टी स्टाफ को थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं. हालांकि एडीसीपी सुधीर कुमार ने लाठीचार्ज के आरोपों से इनकार किया है.

प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव ने की जांच की मांग

इस घटना पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गंभीर चिंता जताई है. प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “पहले ओडिशा और अब ग्रेटर नोएडा में ऐसी दुखद घटना सामने आई है.केंद्र सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. अखिलेश यादव ने कहा कि मेडिकल छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार का पैटर्न देखा जा रहा है.इसकी गंभीर जांच हो.

यूनिवर्सिटी की सफाई

शारदा यूनिवर्सिटी के चांसलर पी.के. गुप्ता ने कहा कि मामले की आंतरिक जांच चल रही है. प्रारंभिक जांच में डीन ने बताया कि ज्योति ने एक टेस्ट की कॉपी पर प्रोफेसर के फर्जी हस्ताक्षर किए थे, जिसके बाद उसे टोका गया और परिजनों को सूचित किया गया.