IAS Krishna Karunesh: नोएडा प्राधिकरण में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। वर्ष 2011 बैच के आईएएस अधिकारी कृष्णा करुणेश को नोएडा प्राधिकरण का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। उन्होंने लोकेश एम की जगह यह जिम्मेदारी संभाली है। कृष्णा करुणेश इससे पहले नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) के पद पर कार्यरत थे।
नोएडा प्राधिकरण पर उठे थे कई सवाल
ग्रेटर नोएडा में इंजीनियर युवराज की मौत के बाद नोएडा प्राधिकरण को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था और उसकी कार्यशैली को लेकर सवाल उठाए गए थे। अब आईएएस अधिकारी कृष्णा करुणेश को नोएडा प्राधिकरण के सीईओ की जिम्मेदारी ऐसे समय दी गई जब हाल के दिनों में इंजीनियर युवराज मेहता की मौत को लेकर प्राधिकरण और प्रशासन सवालों के घेरे में हैं। इसी के चलते डॉ. लोकेश एम का नोएडा अथॉरिटी के सीईओ पद से तबादला किया था।
कई पदों पर रह चुके हैं कृष्णा
कृष्णा करुणेश 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वह मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। आईएएस कृष्णा करुणेश ने एमए किया है और उनके पास एलएलबी की भी डिग्री है। कृष्णा करुणेश की गिनती यूपी के तेज तर्रार आईएएस अधिकारी में की जाती है। वह गाजियाबाद जिले में एसडीएम और सीडीओ के पद पर भी रह चुके हैं। इसके साथ ही वह अलावा वह हापुड़ व बलरामपुर जिले में भी जिलाधिकारिक रह चुके हैं। वहीं कुशीनगर जिले में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर भी रह चुके हैं।

