Ravi Kishan: भोजपुरी सुपरस्टार और गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन को जान से मारने की धमकी के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। यह धमकी उनके निजी सचिव शिवम दुबे के फोन पर गुरुवार देर रात दी गई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बिहार के आरा जिला निवासी अजय कुमार यादव बताया और कहा रवि किशन यादवों और राजद प्रत्याशी खेसारी लाल यादव के खिलाफ बयान दे रहा है, वह बिहार आया तो उसे गोली मार दूंगा।
इस धमकी के बाद रवि किशन के समर्थकों में हड़कंप मच गया। गोरखपुर पुलिस को तुरंत सूचना दी गई और SSP राज करन नैयर से सख्त कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रवि किशन उस समय गोरखपुर से बाहर थे, लेकिन जैसे ही उन्हें धमकी की खबर मिली, उन्होंने अपने X (ट्विटर) हैंडल पर एक भावनात्मक और दृढ़ पोस्ट किया।
उन्होंने लिखा-
ना मैं डरूंगा, ना झुकूंगा, चाहे इसके लिए कोई भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े। मेरी मां और प्रभु श्री राम के लिए अपमानजनक शब्द कहना कत्तई बर्दाश्त नहीं। यह सिर्फ मेरे व्यक्तिगत सम्मान पर नहीं, बल्कि आस्था पर हमला है। इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दूंगा। सांसद ने आगे कहा कि वह किसी भी कीमत पर पीछे हटने वाले नहीं हैं और बिहार चुनाव प्रचार में ज़रूर जाएंगे। उन्होंने धमकी देने वालों को चेतावनी भरे लहजे में कहा ‘जेकर नाथ भोलेनाथ, ऊ अनाथ कैसे हुई… जब चहियें भोलेनाथ, दिन त रात कैसे हुई! हर हर महादेव’
सोशल मीडिया पर मिला समर्थन
रवि किशन का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। समर्थक उनके समर्थन में #HarHarMahadev और #RaviKishanWithRam जैसे हैशटैग चला रहे हैं। बता दें, इन दिनों बिहार विधानसभा चुनाव का माहौल गर्म है। राजद प्रत्याशी खेसारी लाल यादव और रवि किशन के बीच पिछले कुछ दिनों से अयोध्या और राम मंदिर को लेकर बयानबाजी का सिलसिला चल रहा है। खेसारी के विवादित बयान के बाद रवि किशन ने उन पर पलटवार किया था, जिसके बाद से माहौल और गरमाया।
अब धमकी के बाद यह मामला सिर्फ राजनीतिक नहीं रहा यह आस्था और आत्मसम्मान की लड़ाई बन गया है। रवि किशन का कहना है कि “धमकी देने वाले जान लें, मैं डरा नहीं हूं बल्कि अब पहले से ज्यादा मजबूती से मैदान में उतरूंगा।
ये भी पढ़े – एक्स ने किया पाकिस्तान पीएम शहबाज शरीफ के दावे का पर्दाफाश, कश्मीर पर झूठा बयान हुआ बेनकाब

