Fire in Ghaziabad : गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र में बुधवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रात करीब 9:53 बजे जीतपुर रावली रोड स्थित हंस वाटिका मैरिज होम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन मोदीनगर से द्वितीय अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में दो फायर टैंकर मय यूनिट मौके के लिए रवाना हुए।
कैसे और कब हुआ हादसा
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि मैरिज होम के अंदर बने गोदाम में रखे सोफे, कुर्सियां, टेबल, क्रॉकरी और टेंट का सामान आग की तेज लपटों में घिरा हुआ था। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए एक डिलीवरी होज पाइप और होजरील लगाकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। टीम ने दो दिशाओं से घेरकर लगातार पंपिंग करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस दौरान अग्निशमन दल के जवानों की त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय से आग के फैलने से रोका जा सका, जिससे एक बड़े हादसे की आशंका टल गई।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मश्क्कत में बुझाई आग
सौभाग्य से इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग से गोदाम में रखा सामान जलकर खाक हो गया, लेकिन मैरिज होम के मुख्य हिस्से को नुकसान से बचा लिया गया। मैरिज होम के मालिक की पहचान पिंकू पुत्र सोहनवीर निवासी रावली रोड, थाना मुरादनगर के रूप में हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट इसकी वजह हो सकता है। दमकल विभाग ने घटना के बाद लोगों से अपील की है कि गर्मी और मानसून के मौसम में बिजली के उपकरणों, तारों और स्टोरेज एरिया की समय-समय पर जांच करें, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

