Kanwar Yatra : यूपी के कई जिलों में कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन लगी हुई है। आज यूपी के कई जिलों में कांवड़ियों पर फूलों की बारिश की गई है। कांवड़ यात्रा के पवित्र अवसर पर हापुड़ जिले के ब्रजघाट में एक अनूठा और हृदयस्पर्शी दृश्य देखने को मिला। जिलाधिकारी अभिषेक पांडे और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने शिव भक्तों के उत्साह और भक्ति को सम्मान देते हुए कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की। यह आयोजन गढ़मुक्तेश्वर के ब्रज घाट में आयोजित किया गया, जो कांवड़ यात्रा का एक प्रमुख केंद्र है।
बम-बम भोले’ जयघोष से गूंजा ब्रजघाट
हर साल की तरह इस बार भी कांवड़ यात्रा में लाखों शिव भक्त गंगा जल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। ब्रजघाट, जो अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है, इस दौरान शिव भक्तों के जोश और भक्ति का साक्षी बना। इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक पांडे और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने न केवल यात्रा की व्यवस्था का जायजा लिया, बल्कि कांवड़ियों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सम्मान को भी प्रदर्शित किया। पुष्प वर्षा का यह कार्यक्रम ब्रजघाट के मुख्य मार्ग पर आयोजित किया गया, जहां हजारों कांवड़ियों का जत्था भक्तजनों और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के साथ आगे बढ़ रहा था।
हेलिकॉप्टर और ड्रोन से फूलों की वर्षा
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने हेलीकॉप्टर और ड्रोन के माध्यम से कांवड़ियों पर फूलों की वर्षा की। जिलाधिकारी अभिषेक पांडे ने इस अवसर पर कहा, “कांवड़ यात्रा न केवल एक धार्मिक आयोजन है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक एकता और भक्ति का प्रतीक है। पुष्प वर्षा हमारी ओर से उनके प्रति सम्मान और शुभकामनाओं का प्रतीक है।” पुलिस अधीक्षक कुँवर ज्ञानंजय सिंह ने भी इस अवसर कहा, “हमारी पुलिस टीमें दिन-रात कांवड़ियों की सुरक्षा और यात्रा की व्यवस्था के लिए तत्पर हैं। यह पुष्प वर्षा हमारी ओर से शिव भक्तों के प्रति कृतज्ञता और उनके जोश को सलाम करने का एक छोटा सा प्रयास है।”
ये भी पढ़े – नोएडा-दिल्ली वाले हो जाएं अलर्ट! : बॉर्डर पर मिलेगा भारी जाम, ट्रैफिक से बचने के लिए इन रास्तों का करें इस्तेमाल

