होम = State = उत्तर प्रदेश = Greater Noida Murder Case : दहेज लोभियों ने ली निक्की की जान, जलाने वाले पति को पुलिस ने मारी गोली

Greater Noida Murder Case : दहेज लोभियों ने ली निक्की की जान, जलाने वाले पति को पुलिस ने मारी गोली

Greater Noida Murder Case : ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के सिरसा गांव से दहेज उत्पीड़न और हत्या का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। निक्की नाम की विवाहिता को उसके ही पति विपिन और ससुराल पक्ष ने बेरहमी से पीटने के बाद ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जला दिया। इस दर्दनाक घटना ने न केवल परिजनों बल्कि समाज को भी झकझोर दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था जिसके बाद से आरोपी पति पुलिस की गिरफ्त से भाग रहा थी लेकिन पुलिस ने इस बार उसको एनकाउंटर में गोली मार दी है। निक्की के पिता ने योगी सरकार से एनकाउंटर और घर में बुल्डोजर चलाने की मांग की है। इस मामले ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है। नोएडा जैसे शहर में ऐसी घटनाएं सभी को सोचने में मजबूर कर देती हैं।

शादी के बाद से ही उत्पीड़न

पीड़ित परिवार का आरोप है कि दिसंबर 2016 में निक्की की शादी विपिन से हुई थी। शादी में स्कॉर्पियो कार और अन्य सामान दहेज के रूप में दिया गया था। इसके बावजूद पति विपिन, जेठ रोहित, सास दया और ससुर सतवीर लगातार 35 लाख रुपये और दूसरी कार की मांग करते रहे। मृतका की बहन कंचन, जिसकी शादी भी इसी घर में हुई थी, ने बताया कि दोनों बहनों को अक्सर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ती थी। पंचायतों और समझौते की कोशिशें भी नाकाम रहीं।

दर्दनाक घटना

घटना वाले दिन आरोप है कि निक्की को बेरहमी से पीटा गया और गला दबाया गया। बेहोश होने के बाद उस पर पेट्रोल जैसा पदार्थ डालकर आग लगा दी गई। शोर सुनकर पड़ोसियों ने आग बुझाई और निक्की को अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

मासूम बेटे का वीडियो

इस मामले को और गंभीर तब बना दिया जब मृतका के मासूम बेटे का वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में बच्चा साफ कहता नजर आता है कि “पापा ने मम्मी को लाइटर से जलाकर मारा।” इस बयान ने आरोपी पति की करतूत को उजागर कर दिया और लोगों का गुस्सा भड़का दिया।

पुलिस की कार्रवाई और एनकाउंटर

पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति विपिन, जेठ रोहित, सास दया और ससुर सतवीर के खिलाफ हत्या और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया। पति विपिन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, लेकिन पूछताछ के दौरान वह भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान पुलिस मुठभेड़ हुई, जिसमें विपिन के पैर में गोली लगी और उसे दोबारा दबोच लिया गया। बाकी तीन आरोपी अब भी फरार हैं और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

समाज में आक्रोश

निक्की की मौत से पूरे क्षेत्र में गहरा आक्रोश है। ग्रामीण और परिजन आरोपियों को फांसी की सजा की मांग कर रहे हैं। साथ ही पीड़ित बच्चे की परवरिश की जिम्मेदारी सरकार से उठाने की गुहार लगा रहे हैं। यह घटना एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर कब तक दहेज की बलि चढ़ती रहेंगी बेटियां।

ये भी पढ़े : ग्रेटर नोएडा दहेज हत्या कांड : मासूम बेटे के सामने जलाई गई मां, पति गिरफ्तार -तीन आरोपी फरार