होम = State = उत्तर प्रदेश = गाजियाबाद: आज से शुरू हुआ ‘वादी संवाद दिवस’, लंबित मामलों के निपटारे में भी आई तेजी

गाजियाबाद: आज से शुरू हुआ ‘वादी संवाद दिवस’, लंबित मामलों के निपटारे में भी आई तेजी

Ghaziabad News : गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ के निर्देश पर जिले के सभी थानों में प्रत्येक बुधवार को ‘वादी संवाद दिवस’ का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य आम जनता की शिकायतों और मुकदमों से संबंधित समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है।

गाजियाबाद को तीन जोन में किया विभाजित

इस विशेष कार्यक्रम के तहत थाना प्रभारी और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) वादकारियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं ।साक्ष्यों के आधार पर मुकदमों का निस्तारण कर रहे हैं। गाजियाबाद को तीन जोन—सिटी जोन, ट्रांस हिंडन जोन और देहात जोन—में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में संबंधित एसीपी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में ‘वादी संवाद दिवस’ को सकुशल रूप से संचालित कर रहे हैं।

लंबित मामलों के निपटारे में भी तेजी आई

इस दौरान वादकारियों को अपनी शिकायतें और मुकदमों से संबंधित जानकारी साझा करने का अवसर मिलता है, जिसके आधार पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करती है। इस पहल से न केवल पुलिस और जनता के बीच संवाद मजबूत हो रहा है, बल्कि लंबित मामलों के निपटारे में भी तेजी आई है। पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि हर वादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और साक्ष्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाए। ‘वादी संवाद दिवस’ के माध्यम से हम जनता के बीच विश्वास कायम करना चाहते हैं।”इस आयोजन के दौरान थानों में आने वाले वादकारियों की समस्याओं को सुनने के लिए विशेष समय निर्धारित किया गया है। पुलिस अधिकारी न केवल शिकायतों का त्वरित समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, बल्कि यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि प्रत्येक मामला साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर निपटाया जाए।

ये भी पढ़े : Noida में अब इन लोगों नहीं मिलेगी शराब, पूरी सख्ती से लागू होगा ये नियम, हो जाएं सावधान !

गाजियाबाद पुलिस की इस पहल को स्थानीय जनता ने सराहा है और इसे पुलिस-जनता संबंधों को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।‘वादी संवाद दिवस’ के तहत गाजियाबाद पुलिस न केवल शिकायतों का समाधान कर रही है। बल्कि यह भी सुनिश्चित कर रही है कि भविष्य में ऐसी समस्याओं को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।