Ghaziabad News : गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और पारदर्शी न्याय प्रक्रिया को बढ़ावा देने के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब प्रत्येक बुधवार को जिले के सभी थानों पर ‘वादी संवाद दिवस’ आयोजित किया जाएगा।
उद्देश्य : पुलिस और जनता के बीच सार्थक संवाद स्थापित करना
इस पहल का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच सार्थक संवाद स्थापित कर विश्वास और पारदर्शिता को मजबूत करना है। इस कदम की जनता और सामाजिक संगठनों द्वारा व्यापक सराहना की जा रही है। पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ के ‘वादी संवाद नीति’ के तहत प्रत्येक बुधवार को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक सभी थानों पर जनसुनवाई का आयोजन होगा।
इस दौरान थाना प्रभारी और विवेचक, विवेचनाधीन मामलों (एफआईआर/एनसीआर) और गुमशुदगी से संबंधित वादियों से संवाद करेंगे। वादियों को उनके मामले की प्रगति और वर्तमान स्थिति से अवगत कराया जाएगा, साथ ही उनके सवालों का तथ्यपरक और संतोषजनक जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया जाएगा।इसके अतिरिक्त, संबंधित क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अपने सर्किल के किसी एक थाने पर उपस्थित रहकर इस प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
पुलिस-जनता संबंधों को करेगी मजबूत
इस पहल का मुख्य लक्ष्य वादियों को उनके मामलों की सटीक जानकारी समय पर उपलब्ध कराना, न्याय प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और जनता का पुलिस पर भरोसा बढ़ाना है।’वादी संवाद दिवस’ गाजियाबाद पुलिस की जन-केंद्रित पहल है, जो न केवल पुलिस और जनता के बीच सहयोग को बढ़ाएगी, बल्कि शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण न्याय की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। यह पहल पुलिस-जनता संबंधों को और मजबूत करने में कारगर होगी।
ये भी पढ़े : पीएम मोदी ने राहुल-तेजस्वी पर साधा निशाना, बोले- ये गालियां सिर्फ मेरी मां का अपमान नहीं हैं, बल्कि…

