होम = State = उत्तर प्रदेश = गाजियाबाद में आशिक पर बरसी भीड़ : प्रेमिका से मिलने आया था, ग्रामीणों ने ड्रोन ऑपरेटर समझकर पीटा

गाजियाबाद में आशिक पर बरसी भीड़ : प्रेमिका से मिलने आया था, ग्रामीणों ने ड्रोन ऑपरेटर समझकर पीटा

Ghaziabad News : भोजपुर थाना क्षेत्र में एक अजीबोगरीब घटना ने सभी का ध्यान खींचा है। यहां एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने रात के अंधेरे में पहुंचा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे ड्रोन ऑपरेटर समझकर जमकर पिटाई कर दी। ड्रोन की दहशत के चलते गांव में पहरा दे रहे ग्रामीणों ने युवक को संदिग्ध समझकर पकड़ लिया और उसकी हालत ऐसी कर दी कि उसे चिकित्सक के पास ले जाना पड़ा।

क्या है पूरा मामला

हाल के दिनों में भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में ड्रोन की मौजूदगी ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। इस डर के चलते ग्रामीण रात के समय लाठी-डंडों से लैस होकर गांव में पहरा दे रहे हैं। रविवार की रात भी ऐसा ही माहौल था, जब भोजपुर के एक गांव में ग्रामीण सतर्कता बरत रहे थे। इसी दौरान एक घर की छत पर ग्रामीणों को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया।

लहूलुहान होकर हुआ बेहोश

ग्रामीणों ने युवक को अपने पास बुलाया, लेकिन वह डर के मारे भागने लगा। यह देखकर ग्रामीणों को और शक हुआ कि शायद यह कोई ड्रोन ऑपरेटर है। उन्होंने युवक का पीछा किया और कुछ दूर जाकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवक ने गोलमोल जवाब दिए, जिससे ग्रामीण और भड़क गए। गुस्से में आकर ग्रामीणों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया।आनन-फानन में घायल युवक को उपचार के लिए नजदीकी चिकित्सक के पास ले जाया गया। उपचार के बाद जब युवक होश में आया, तो उसने सच्चाई उजागर की।

छत पर चढ़कर छिपने की कोशिश की

पूछताछ में पता चला कि युवक हापुड़ का रहने वाला है और वह अपनी प्रेमिका से मिलने रात के अंधेरे में गांव आया था। ग्रामीणों को देखकर वह डर गया और छत पर चढ़कर छिपने की कोशिश करने लगा। उसने बताया कि वह किसी ड्रोन ऑपरेटर से संबंधित नहीं है और केवल अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए वहां पहुंचा था। यह सुनकर ग्रामीणों को अपनी गलती का अहसास हुआ, लेकिन तब तक युवक की हालत गंभीर हो चुकी थी।

कपिल मेहरा- गाजियाबाद

 

बंगाल