Ayodhya Makar Sankranti Special: राम नगरी अयोध्या में मकर संक्रांति का पर्व गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। भोर होते ही सरयू तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सुबह 4 बजे से ही सरयू के घाटों पर स्नान का सिलसिला शुरू हो गया, जहां श्रद्धालुओं ने पवित्र जल में डुबकी लगाकर तिल, गुड़, अन्न और वस्त्र का दान किया।
रामलला को विशेष भोग
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर राम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जैसे ही पूजा संपन्न हुई, मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के गगनभेदी उद्घोष से गूंज उठा। पर्व की परंपरा को जीवंत करते हुए भक्तों की ओर से रामलला को पतंग अर्पित की गई, जो इस पर्व का खास आकर्षण रही। पूजन के बाद रामलला को विशेष भोग लगाया गया, जिसमें तिल-गुड़ से बनी वस्तुएं शामिल थीं। मंदिर प्रशासन के अनुसार यह भोग सूर्यदेव को समर्पित पर्व की धार्मिक परंपरा के अनुरूप तैयार किया गया था।
घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़
सरयू नदी के नयाघाट, लक्ष्मण घाट, जानकी घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। स्नान के बाद श्रद्धालु मंदिर की ओर दर्शन के लिए बढ़ते नजर आए। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे। पुलिस, होमगार्ड और स्वयंसेवकों की तैनाती से पूरे क्षेत्र में व्यवस्था सुचारू बनी रही। मकर संक्रांति पर अयोध्या एक बार फिर आस्था, परंपरा और भक्ति का जीवंत प्रतीक बनकर उभरी।

