Lucknow News : लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के धनुवासाड़ गांव में ऑनलाइन गेमिंग की लत ने एक मासूम की जान ले ली। किसान सुरेश कुमार यादव का इकलौता बेटा यश कुमार (14) सोमवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर बैठा।
परिवार के अनुसार, यश एक निजी स्कूल में कक्षा 6 का छात्र था और अक्सर पिता के मोबाइल पर फ्री फायर ऑनलाइन गेम खेला करता था। गेम में करोड़ों रुपये जीतने का लालच उसे इस कदर भाया कि उसने पिता के बैंक खाते से करीब 13 लाख रुपये गंवा दिए। बताया जा रहा है कि रुपये हारने की जानकारी मिलने पर पिता ने उसे डांटा। इससे आहत होकर यश ने सोमवार को यह खौफनाक कदम उठाया। घटना के बाद गांव में मातम छा गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
सोमवार को सुरेश जब बैंक से पैसा निकालने पहुंचे तो खाते में जमा 13 लाख रुपये गायब मिले। स्टेटमेंट निकलवाने पर खुलासा हुआ कि सारा पैसा ऑनलाइन गेमिंग में चला गया है। घर लौटकर उन्होंने बेटे यश से पूछताछ की। शुरू में यश ने इंकार किया, लेकिन बाद में स्वीकार किया कि उसने फ्री फायर खेलते समय पूरे पैसे गंवा दिए। घटना से स्तब्ध परिवार को यश के ट्यूशन टीचर ने समझाने की कोशिश की और भरोसा दिलाया कि आगे वह बच्चे को पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित करेंगे।
लेकिन कुछ ही देर बाद नाराज यश ने घर के प्रथम तल स्थित कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। देर शाम जब परिजन कमरे में पहुंचे तो उन्होंने यश को रस्सी के सहारे लटकता देखा। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिवार में मां विमला और बहन गुनगुन हैं। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में कोहराम मच गया। ऐसा कहा जा रहा है कि सुरेश कुमार ने करीब दो साल पहले जमीन का एक टुकड़ा बेचकर यह 13 लाख रुपये जुटाए थे, जिसे उन्होंने बिजनौर स्थित यूनियन बैंक की शाखा में जमा कर रखा था घटना की जानकारी मिलते ही यश कुमार के स्कूल ने भी गहरा शोक व्यक्त किया और 16 सितंबर को अवकाश घोषित कर दिया।

