Fake IAS : लखनऊ पुलिस ने खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) का अधिकारी बताने वाले एक फर्जी अफसर को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान गौतमबुद्ध नगर निवासी सौरभ त्रिपाठी के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से छह लक्ज़री गाड़ियां, फर्जी दस्तावेज, नकद, नीली बत्तियां और फर्जी सरकारी पास बरामद किए हैं.
कैसे हुई पहचान
जानकारी के मुताबिक रविवार देर शाम पुलिस कारगिल शहीद पार्क के पास चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान UP 16 DP 2828 नंबर की एक गाड़ी को रोका गया. गाड़ी चालक ने पुलिसकर्मियों से खुद को IAS अधिकारी बताते हुए रौब झाड़ने की कोशिश की. शुरुआत में पुलिसकर्मी उसकी आत्मविश्वासी हरकतों से असमंजस में पड़ गए, लेकिन शक गहराने पर जब गाड़ी और दस्तावेजों की जांच की गई तो हकीकत सामने आ गई.
जांच में हुआ खुलासा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सौरभ त्रिपाठी असली IAS नहीं है बल्कि फर्जी पहचान के सहारे लंबे समय से ठगी और दिखावा कर रहा था. उसने सोशल मीडिया पर भी खुद को IAS की जगह IAAS (Indian Audit and Accounts Service) अधिकारी बताते हुए @Saurabh_IAAS नाम से अकाउंट बनाया था.
सोशल मीडिया अकाउंट पर मचा रखा था भौकाल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी कई बार सरकारी कार्यक्रमों और विभागीय आयोजनों में फर्जी पहचान के सहारे शामिल हो चुका है. इन आयोजनों की तस्वीरें उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा की थीं. मामले के उजागर होने के बाद आरोपी ने अपना अकाउंट डिलीट कर दिया है.फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है. बरामद गाड़ियों और दस्तावेजों की भी विस्तृत जांच की जा रही है.

