होम = State = उत्तर प्रदेश = बांके बिहारी के दीवानों का सैलाब! मंदिर खुलने से पहले उमड़ी भीड़, गलियां भक्तों से हुईं गुलजार

बांके बिहारी के दीवानों का सैलाब! मंदिर खुलने से पहले उमड़ी भीड़, गलियां भक्तों से हुईं गुलजार

UP News: मथुरा में आज सुबह ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धा और आस्था का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। मंदिर के पट खुलने से पहले ही हजारों भक्तों की लंबी-लंबी लाइनें गलियों तक फैल गईं। सूरज निकलने से पहले ही भक्तों का सैलाब मंदिर की ओर उमड़ पड़ा, हर किसी के चेहरे पर बस एक ही आस थी ठाकुरजी के दर्शन की।

पिछले दो दिनों से मथुरा-वृंदावन की गलियां भक्तों से पूरी तरह भर गई हैं। मंदिर की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर भीड़ इतनी अधिक है कि प्रशासन को बैरिकेडिंग और रास्तों को वन-वे करना पड़ा। कई जगहों पर भक्तों को धक्का-मुक्की की स्थिति का सामना भी करना पड़ा, बावजूद इसके लोगों के चेहरों पर भक्ति की चमक कम नहीं हुई।

सुविधाएं हुई फेल

मंदिर परिसर में सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर्ड कमेटी की व्यवस्थाएं इस भारी भीड़ के आगे नाकाफी साबित हो रही हैं। यह कमेटी ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में बढ़ती भीड़ और सुरक्षा के मद्देनजर सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बनाई गई थी। लेकिन मौजूदा हालात में भीड़ प्रबंधन, दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा नियंत्रण में कमियां साफ दिख रही हैं।

गलियों में भारी भीड़

भक्तों का कहना है कि मंदिर की गलियां इतनी तंग हैं कि थोड़ी-सी अफरातफरी भी बड़ा हादसा बन सकती है। वहीं दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले 48 घंटों में करीब दो लाख से अधिक श्रद्धालु ठाकुरजी के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे हैं। सुबह चार बजे से ही भक्त मंदिर के मुख्य द्वार पर कतारों में खड़े हो गए थे। जैसे ही पट खुले, “जय श्री बांके बिहारी लाल की” के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। मंदिर के अंदर और बाहर दोनों जगहों पर भक्तों का उत्साह चरम पर था।

भीड़ लगातार जा रही बढ़ती

प्रशासन की ओर से सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और महिला सिपाही तैनात की गई हैं। साथ ही ड्रोन से भीड़ पर नजर रखी जा रही है। इसके बावजूद भीड़ का दबाव लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल वृंदावन का हर कोना ठाकुरजी के भजनों से गूंज रहा है और भक्तों की श्रद्धा का यह सैलाब बता रहा है कि बांके बिहारी की दिव्यता और आस्था के आगे हर व्यवस्था छोटी पड़ जाती है।

ये भी पढ़े – मुरादाबाद : रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग से मचा हड़कंप, 1 महिला की मौत, कई लोग झुलसे

Tags : up news

बंगाल