होम = State = उत्तर प्रदेश = मुरादाबाद : मदरसे में एडमिशन से पहले बच्ची का ‘वर्जिनिटी टेस्ट’ कराने की मांग, परिजनों का गंभीर आरोप

मुरादाबाद : मदरसे में एडमिशन से पहले बच्ची का ‘वर्जिनिटी टेस्ट’ कराने की मांग, परिजनों का गंभीर आरोप

Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के पाकबड़ा थाना क्षेत्र में स्थित एक मदरसे पर बेहद गंभीर आरोप लगे हैं। बच्ची के परिवार वालों का कहना है कि मदरसा प्रबंधन ने उनकी 13साल की बेटी को अगली क्लास में एडमिशन देने से पहले ‘वर्जिनिटी (मेडिकल) टेस्ट’ का सर्टिफिकेट जमा कराने की मांग की है।

जानें पूरा मामला ?

बच्ची के परिजनों के साथ अभद्रता का आरोप

पीड़ित परिजनों ने बताया कि जब वे बच्ची को मदरसे में छोड़ने पहुंचे, तो प्रबंधन ने यह अजीब शर्त रखी। जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई, तो उन्हें मदरसे के परिसर से बाहर निकाल दिया गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। पीड़ित परिवार चंडीगढ़ निवासी है और इस घटना के बाद से बच्ची और उसके परिजन मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं।

SSP मुरादाबाद को सौंपी शिकायत

पीड़ित पिता मोहम्मद यूसुफ ने 14 अक्टूबर को SSP मुरादाबाद के सामने पेश होकर मदरसा प्रबंधन के खिलाफ एक लिखित शिकायत दी है। उनका आरोप है कि जामिया असानुल बनात गर्ल्स कॉलेज (मदरसा) की प्रबंधन समिति ने उनकी बेटी को कक्षा 8 में दाखिला देने से पहले “मेडिकल टेस्ट-वर्जिनिटी टेस्ट” करवाने की शर्त रखी थी।

टीसी में मेडिकल टेस्ट कराने की बात लिखी

बता दें कि बच्ची के परिवार ने पुलिस को जो टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) फॉर्मेट और दस्तावेज़ सौंपे हैं, उनमें कथित रूप से मेडिकल टेस्ट कराने की बात स्पष्ट रूप से लिखी हुई है। उनका ऐसा कहना है कि इस तरह की मांग किसी भी शैक्षणिक संस्था या मदरसे द्वारा नहीं की जा सकती और यह कानूनी रूप से गलत है।

पुलिस जांच में जुटी

इस पूरे मामले पर एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने कहा कि परिजनों ने ऐसी शिकायत दर्ज कराई है और मामला बेहद गंभीर है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और कहा गया है कि जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन से न्याय की मांग

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि इस अमानवीय व्यवहार के लिए मदरसा प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की जाए और बच्ची को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा दिलाई जाए।

बंगाल