होम = State = उत्तर प्रदेश = सीतापुर : डांसरों से लूट का इनामी बदमाश हाफ एनकाउंटर में घायल, कार और नकदी बरामद

सीतापुर : डांसरों से लूट का इनामी बदमाश हाफ एनकाउंटर में घायल, कार और नकदी बरामद

Uttar Pradesh News : पुलिस ने 36 घंटे के अंदर सदरपुर क्षेत्र में डांसरों के साथ हुई लूट की वारदात का खुलासा किया। साथ ही 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान अपराधी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

घटना बीती 26 अक्टूबर की रात ग्राम रुसहन नहर पुल के पास हुई थी, जब कार सवार चार नर्तकियों से असलहे के बल पर लूट की गई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार भोर को मीरनगर और बढ़निया के बीच नहर पटरी पर बिना नंबर की कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के रुकने के इशारे पर कार सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान श्रीचंद यादव (25,000 रुपये का इनामी) निवासी राजापुर इसरौली, थाना थानगांव, सीतापुर के रूप में हुई।

बदमाश के कब्जे से लूटी गई नकदी, अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की कार बरामद की गई। इस कार्रवाई में एसओजी टीम और थाना सदरपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से सफलता हासिल की।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि पुलिस की सतर्कता और समय पर मिली सूचना के कारण अपराधी को गिरफ्तार किया जा सका।

बंगाल