Noida News : नोएडा के सेक्टर-51 में एक परिवार के घर में अचानक कोबरा घुस गया। यह सांप किचन की फॉल्स सीलिंग और फैंसी लाइट के अंदर छिप गया। जब वह लाइट के अंदर घूमने लगा तो परिवार को उसकी मौजूदगी का पता चला। देखते ही घर में हड़कंप मच गया।
परिवार ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। इस दौरान डर के कारण परिवार ऊपर के कमरों में बंद रहा और करीब दो दिन तक बाहर से खाना मंगवाकर खाया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें सांप लाइट के ऊपर चलता दिख रहा है।
वन विभाग की टीम सपेरे के साथ मौके पर पहुंची और लंबा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। लगभग 36 घंटे की कोशिश के बाद उन्होंने सीलिंग में पाउडर डाला, जिससे सांप बाहर आ गया और सुरक्षित पकड़ा गया। बाद में उसे ओखला बर्ड सैंक्चुअरी में छोड़ दिया गया।
पांच घंटे तक लगा रहा सपेरा पर नहीं पकड़ पाया
मौके पर पहुंचे वन विभाग के दो कर्मचारियों ने सीलिंग से एक रस्सी लटकाकर सांप को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं निकला। एक सपेरे ने भी लगभग पांच घंटे तक कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। वन विभाग के कर्मचारी विद्यासागर पांडे ने बताया कि उन्होंने फॉल्स सीलिंग में एक पाउडर डाला। इससे सांप बाहर आ गया।
परिवार ने राहत की सांस ली, जबकि यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई।

