CM Yogi adityanath : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सभी स्कूलों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को अनिवार्य करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने रविवार को गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि प्रदेश के हर स्कूल में रोजाना “वंदे मातरम्” का गायन होगा।
सीएम योगी ने कहा, “वंदे मातरम् के विरोध का कोई औचित्य नहीं है। यही विरोध भारत के विभाजन का दुर्भाग्यपूर्ण कारण बना था। अब हम यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रदेश के हर बच्चे में राष्ट्र के प्रति गौरव और एकता की भावना विकसित हो।”
सरदार पटेल की जयंती पर एकता संदेश
मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर कहा कि देश सरदार पटेल के योगदान को कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की अखंडता को बनाए रखने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
सीएम ने कहा, “आज से एकता कार्यक्रम प्रारंभ हो चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल की जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। हम उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।”
403 विधानसभा क्षेत्रों में निकलेगी ‘एकता यात्रा’
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश के 403 विधानसभा क्षेत्रों में ‘एकता यात्रा’ का शुभारंभ हो रहा है। इन यात्राओं का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकजुटता का संदेश फैलाना है।
उन्होंने कहा कि “एकता और अखंडता को कमजोर करने वाली ताकतों को पहचानना और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी होगी, ताकि फिर से कोई जिन्ना जैसी सोच जन्म न ले सके।”
‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर गर्व
मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए कहा कि गुजरात में सरदार सरोवर डैम और ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ देश की एकता और गर्व का प्रतीक है।
सीएम ने कहा, “गुजरात में सरदार सरोवर के तट पर बनी यह दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा पूरे देश को गौरव का एहसास कराती है। इसके निर्माण के लिए देशभर से लोहा और मिट्टी दान में मिली थी।”
सीएम योगी का संदेश
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चल रहे कार्यक्रम देश में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति के भाव को मजबूत करेंगे।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत माता के महान सपूत सरदार पटेल ने जिस एक भारत की परिकल्पना की थी, अब वही आत्मा हर स्कूल में वंदे मातरम् की गूंज के रूप में सुनाई देगी।

