I Love Mohammad Controversy: बाराबंकी के फैजुल्लागंज मोहल्ले में I LOVE MOHAMMAD पोस्टर फाड़े जाने के बाद तनाव फैल गया है। इसी बीच बढ़ते विवाद को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक बयान सामने आया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उपद्रवियों को बेहद कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कड़ा रुख रखते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्णायक कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्होंने कानपुर, उन्नाव, मुरादाबाद, बरेली, मऊ और अन्य जिलों में मुस्लिम समुदाय के उग्र प्रदर्शन व भड़काऊ नारेबाजी की घटनाओं पर कार्रवाई करने को कहा है।
सभी मामलों में तुरंत FIR दर्ज की जाए : CM योगी
उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक भी उपद्रवी बचना नहीं चाहिए। दशहरा बुराई व आतंक के दहन का पर्व है। कार्रवाई के लिए किसी और समय की प्रतीक्षा न करें। कार्रवाई का यही सही समय है। शासन के स्पष्ट आदेशों का फील्ड पर पूरी तरह से पालन कराया जाए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार रात कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि उग्र प्रदर्शन और भड़काऊ नारेबाजी प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की सुनियोजित साजिश है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे सभी मामलों में तुरंत FIR दर्ज की जाए और आयोजकों व मास्टरमाइंड की पहचान कर उनकी संपत्ति तक की जांच हो। उन्होंने कहा कि जुलूस और प्रदर्शनों के नाम पर अराजकता फैलाने वाले उपद्रवियों को सरकार कुचल देगी और इनमें शामिल कोई भी उपद्रवी बचना नहीं चाहिए।
योगी का सख्त निर्देश: महिला अपराधों पर तुरंत कार्रवाई
सीएम योगी ने मेरठ और संभल में एसिड अटैक, छेड़खानी और चेन लूट की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए थाने से लेकर पीआरवी तक की जवाबदेही तय करने को कहा। उन्होंने गरबा-डांडिया में बहरूपियों की घुसपैठ रोकने और महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया। मिशन शक्ति 5.0 की प्रगति पर संतोष जताते हुए सीएम ने निर्देश दिया कि दशहरे के बाद सभी एडीजी जोन थानावार समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
पर्व-त्योहारों पर उपद्रवियों को नहीं मिलेगी छूट: CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान किसी भी असामाजिक तत्व को अशांति फैलाने की छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि वीडियो फुटेज खंगालकर और इंटरनेट मीडिया की निगरानी कर उपद्रवियों की पहचान की जाए तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
सीएम योगी ने अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई और कहा कि हर नागरिक की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ये भी पढ़े : PM Odisha Visit : ओडिशा दौरे पर आज पीएम मोदी, झारसुगुड़ा से देंगे राज्य को विकास की सौगात

