होम = State = उत्तर प्रदेश = विधानसभा में सीएम योगी का वार : विपक्ष को बताया ‘कूप मंडूक’, गिनाईं 8.5 साल की उपलब्धियां और यूपी के बदलाव की कहानी

विधानसभा में सीएम योगी का वार : विपक्ष को बताया ‘कूप मंडूक’, गिनाईं 8.5 साल की उपलब्धियां और यूपी के बदलाव की कहानी

Yogi Adityanath : उत्तर प्रदेश विधानसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने 2017-2025 के अपने साढ़े आठ साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का संक्षिप्त लेकिन प्रभावशाली विवरण पेश करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला किया। मानसून सत्र के चौथे दिन अपने संबोधन में उन्होंने 1947 से 2017 तक यूपी की लगातार बिगड़ती स्थिति को याद दिलाते हुए विपक्षी दलों की परिवारवादी नीतियों और भेदभावपूर्ण दृष्टिकोण पर कटाक्ष किया। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के ‘पीडीए’ नारे को ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ कहकर उनका मजाक उड़ाया और चार्वाक के ‘कूप मंडूक’ दर्शन से उनकी सीमित सोच का तुलनात्मक उदाहरण दिया।

सीएम योगी ने विपक्ष को घेरा

योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में समावेशी विकास पर जोर दिया और कहा कि बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ ही ‘विकसित यूपी’ और ‘विकसित भारत’ का मंत्र है। उन्होंने पूर्व सरकारों पर नीतिगत उदासीनता, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और अपराधियों की छूट के लिए निशाना साधा। 2017 से पहले यूपी बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था, जहां युवाओं को रोजगार नहीं मिलता था, किसानों को राहत नहीं थी और निवेशकों का भरोसा टूटा हुआ था। 2017 के बाद यूपी में डबल इंजन सरकार ने कानून का राज स्थापित किया, अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू की और निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल बनाया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि योजनाओं का क्रियान्वयन बिना भेदभाव और तुष्टिकरण के हो रहा है, जिससे यूपी सुशासन और मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर के मामले में नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। उन्होंने आर्थिक आंकड़ों के माध्यम से यह भी बताया कि यूपी की जीएसडीपी 13 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 35 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, निर्यात 84 हजार करोड़ से बढ़कर 1.86 लाख करोड़ रुपये हुआ है, और राज्य का बजट 3 लाख करोड़ से बढ़कर 8 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

जाडीपी को लेकर कही बड़ी बात

सीएम ने भारत की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की गति पकड़ी और 2025 तक भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया। उन्होंने कहा कि यूपी देश की 16 फीसदी आबादी वाला राज्य होने के बावजूद अब राष्ट्रीय जीडीपी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रहा है और कोविड महामारी के बावजूद बेहतर विकास दर हासिल की है।

मुख्यमंत्री (Yogi Adityanath) ने सदन से अपील की कि सभी विधायक अपने क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिए एकजुट होकर काम करें, ताकि यूपी न केवल भारत का हिस्सा बल्कि देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति का नेतृत्व करने वाला मॉडल राज्य बने। उन्होंने निवेशकों का भरोसा, युवाओं को रोजगार, किसानों को राहत और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने को यूपी की नई पहचान बताया।

बंगाल