Heart treatment in UP : लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में बच्चों के हृदय रोगों के इलाज को और बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसबीआई फाउंडेशन आईसीयू प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। यह प्रोजेक्ट सलोनी हार्ट सेंटर में संचालित होगा, जो जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के उपचार के लिए समर्पित है। इस अवसर पर एसबीआई फाउंडेशन ने करीब 10 करोड़ रुपये का सहयोग दिया है। इस राशि से सेंटर को आधुनिक उपकरणों और उन्नत संसाधनों से लैस किया जाएगा।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का प्रत्यक्ष लाभ मिला
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में बच्चों के हृदय रोगों के लिए उच्चस्तरीय सुविधाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। ऐसे में सलोनी हार्ट सेंटर एक बड़ी उपलब्धि है। डेढ़ साल पहले शुरू किए गए इस सेंटर में अब तक 300 से ज्यादा बच्चों की सफल हार्ट सर्जरी हो चुकी है। फिलहाल सेंटर का पहला चरण पूरी तरह सक्रिय है और अब दूसरे चरण की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने सलोनी हार्ट फाउंडेशन की संचालक दंपति मिली सेठ और हिमांशु सेठ के प्रयासों की सराहना की और एसबीआई फाउंडेशन को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल हजारों परिवारों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है और 2023 के ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का प्रत्यक्ष लाभ है।
बच्चों के हृदय रोगों के इलाज में भी प्रदेश अवल्ल
योगी ने यह भी कहा कि जिस तरह उत्तर प्रदेश ने इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी पर काबू पाया है, उसी तरह अब बच्चों के हृदय रोगों के इलाज में भी प्रदेश ठोस प्रगति कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि एसबीआई फाउंडेशन का यह सहयोग सलोनी हार्ट सेंटर को और मजबूत बनाएगा और बच्चों की जिंदगी बचाने में मील का पत्थर साबित होगा। इस मौके पर एसजीपीजीआई के निदेशक डॉ. आर.के. धीमन ने हार्ट सेंटर की अब तक की उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह सहित एसबीआई, सलोनी फाउंडेशन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

