CM Yogi on GST Reform : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीएसटी सुधार के ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुधार भारत की कर व्यवस्था में एक नए अध्याय की शुरुआत है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री द्वारा घोषित नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधार अब वास्तविकता बन रहा है. यह केवल कर सुधार नहीं है, बल्कि भारत को उच्च विकास दर वाली वैश्विक अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है. मुख्यमंत्री के अनुसार यह सुधार स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की भावना को नई ताकत देगा. साथ ही ऑटोमोबाइल, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुएं और निर्माण जैसे क्षेत्रों में मांग बढ़ाकर लाखों रोजगार के अवसर पैदा करेगा.
दो प्रमुख स्लैबों में जीएसटी
नए ढांचे के तहत जीएसटी को दो प्रमुख स्लैबों में सरल बनाया गया है 5% और 18%. आवश्यक वस्तुएं 5% स्लैब में रहेंगी, जबकि कुछ विलासिता की वस्तुओं पर अधिकतम 40% तक कर लगाया जाएगा. खाद्य पदार्थ, दवाएं और शैक्षणिक सामग्री 0-5% वर्ग में रखी गई हैं, जिससे आम परिवारों पर खर्च का बोझ कम होगा और मध्यम एवं निम्न आय वर्ग की क्रय शक्ति बढ़ेगी.
ये भी पढ़ें : वाराणसी में चोरी की घटनाओं पर लगेगी लगाम, पुलिस ने शुरू किया ऑपरेशन चक्रव्यूह
भारत की विकास यात्रा को नई गति देगा फैसला
योगी ने कहा कि यह सुधार न केवल कराधान प्रणाली को सरल बनाएगा, बल्कि भारत की विकास यात्रा को भी नई गति देगा. उन्होंने कहा कि यह सुधार किसानों, महिलाओं, युवाओं, एमएसएमई और छोटे व्यापारियों को सशक्त करेगा. तेज रिफंड और आसान पंजीकरण जैसी व्यवस्था छोटे उद्यमियों और स्टार्टअप्स को मजबूती देगी, जिससे ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को नई ऊंचाई मिलेगी.मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उल्टे शुल्क ढांचे को सुलझाना, वर्गीकरण विवादों का समाधान और पारदर्शी कर व्यवस्था से व्यापार जगत का भरोसा मजबूत होगा. केंद्र और राज्यों की सहमति से तैयार यह सुधार व्यापक होने के साथ-साथ सर्वस्वीकार्य भी है.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भी दिया धन्यवाद
सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हाल के वर्षों में थोक महंगाई 2% से नीचे लाने में सफलता मिली है. नए जीएसटी सुधार मांग और खपत को और गति देंगे, जिससे अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत, स्थिर और समावेशी बनेगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस अभूतपूर्व और क्रांतिकारी निर्णय के लिए धन्यवाद दिया.

