Cab driver negligence in Noida : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक कैब चालक की लापरवाही ने एक परिवार को डर और दहशत से भर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि कार में सवार परिवार बार-बार चालक से गाड़ी रोकने की गुहार लगा रहा है, लेकिन वह उनकी एक नहीं सुनता। यह घटना न सिर्फ ट्रैफिक सुरक्षा के नियमों की अनदेखी को दिखाती है, बल्कि यात्रियों की जान से खिलवाड़ करने जैसा गंभीर अपराध भी है।
पुलिस से बचने की कोशिश में तेज रफ्तार
पीड़ित संजय मोहन ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वह अपने परिवार के साथ घूमने निकले थे। पर्थला गोल चक्कर के पास पुलिस ने उनकी कैब को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय तेज रफ्तार में भगाना शुरू कर दिया। परिवार ने चालक से कहा -“अरे भैया, आगे जाकर प्रॉब्लम हो जाएगी हम लोगों को… बच्चा है मेरे साथ… प्लीज रोक दो”- लेकिन चालक ने उल्टा गुस्से में आकर रफ्तार और बढ़ा दी। इस दौरान कार में मौजूद एक छोटी बच्ची डर के मारे रोने लगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में साफ दिखता है कि परिवार पुलिस और संभावित खतरे का हवाला देकर गाड़ी रुकवाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन चालक लगातार अनसुना करता है।संजय मोहन ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर डाली, ताकि लोगों को इस तरह के खतरनाक ड्राइविंग और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के बारे में चेताया जा सके। नोएडा पुलिस ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए कहा कि शिकायत प्राप्त होने पर जांच की जाएगी और दोषी चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़े : ग्रेटर नोएडा में स्वतंत्रता दिवस के लड्डू में निकला मरा हुआ कॉकरोच, सोसाइटी में हड़कंप

