UP T20 : उत्तर प्रदेश प्रीमियर लीग (यूपी टी-20 लीग 2025) में मैच फिक्सिंग की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है. काशी रुद्रास टीम के मैनेजर अर्जुन चौहान को सोशल मीडिया के जरिए एक करोड़ रुपये का लालच दिया गया. आरोप है कि फिक्सर चाहता था कि टीम का एक खिलाड़ी उसकी बताई रणनीति के अनुसार मैदान पर खेले. हालांकि अर्जुन चौहान ने इस प्रस्ताव को तुरंत ठुकरा दिया और मामले की सूचना भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को दे दी.
इंस्टाग्राम पर हुई फिक्सर से बातचीत
बीसीसीआई की शुरुआती जांच में सामने आया कि संदिग्ध यूजर लगातार अर्जुन चौहान से बातचीत करने की कोशिश कर रहा था और दबाव बना रहा था. यह संपर्क 19 अगस्त की रात 11:12 बजे इंस्टाग्राम आईडी vipss_nakrani से हुआ. पहले प्रमोशन कराने की बात की गई, फिर कॉल का प्रयास हुआ और अंततः सीधा मैच फिक्स करने का प्रस्ताव रखा गया. यूजर ने कहा कि इसके बदले एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे, जिसमें से 50 लाख रुपये अर्जुन अपने पास रख सकते हैं. रकम अमेरिकी डॉलर में ऑनलाइन ट्रांसफर करने का ऑफर भी दिया गया.
बीसीसीआई और एसीयू की जांच शुरू
बीसीसीआई की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई (एंटी करप्शन यूनिट – ACU) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. एसीयू के क्षेत्रीय सत्यनिष्ठा प्रबंधक हरदयाल सिंह चंपावत ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. फिलहाल वह लखनऊ में तैनात हैं. उन्होंने बताया कि अर्जुन चौहान की सजगता से यह साजिश उजागर हो सकी, अन्यथा मामला दबा रह सकता था.
पुलिस ने दर्ज की FIR
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाने के इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि टीम मैनेजर के बयान दर्ज किए जाएंगे और डिजिटल साक्ष्यों की जांच होगी. संदिग्ध यूजर की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश जारी है. पुलिस का मानना है कि यह मामला बड़े फिक्सिंग नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है और आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे संभव हैं.

