BHU campus clash: बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में गुरुवार देर रात जमकर बवाल हुआ। मारपीट और पथराव की घटनाएं सामने आईं। छात्रों के बीच लाठी-डंडे चले, जिस वजह से हालात बेकाबू हो गए। स्थिति को संभालने के लिए तीन थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर तैनात किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, छात्र पीयूष तिवारी के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। आरोप है कि निष्कासित किए जा चुके छात्र दर्शित पांडे, रौनक मिश्रा, अंकित पाल और विश्वजीत यादव ने बीएचयू के रुइया हॉस्टल के गेट पर पीयूष तिवारी पर हमला किया।
बवाल की वजह बनी जातिगत कमेंट
रिपोर्ट के मुताबिक इस बवाल की जड़ एक जातिगत टिप्पणी बताई जा रही है। इसी को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। मामला तब और बढ़ गया, जब बीएचयू के रुइया और बिरला हॉस्टल के छात्रों के बीच टकराव शुरू हो गया। देखते ही देखते यह विवाद हिंसा में बदल गया। गौरतलब है कि यह कोई पहली बार नहीं है, जब बीएचयू में इस तरह का हिंसक विवाद या प्रदर्शन देखने को मिला हो।
सैकड़ों जवान किए गए तैनात
बवाल होने के बाद पैदा हुए हालात को देख पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे रुइया हॉस्टल में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। रिपोर्ट है कि करीब 500 पुलिसकर्मियों को मौके पर बुलाया गया। ड्रोन के जरिए भी निगरानी शुरू की गई। फिलहाल बिरला हॉस्टल के 11 कमरों को सील कर दिया गया है। पुलिस ने वहां से कुछ संदिग्ध वस्तुएं भी बरामद की हैं।
ये भी पढ़ें: UP में घर में खेल रही बच्ची पर तेंदुए ने किया हमला, अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में हुई मौत

