Bareilly violence: उत्तर प्रदेश के बरेली में ‘आई लव मुहम्मद’ अभियान से जुड़े विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसक झड़पों को लेकर मौलाना तौक़ीर रज़ा के ख़िलाफ़ कार्रवाई की गई है। नगर निगम ने कार्रवाई के बाद मौलाना तौकीर रजा की संस्था इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के दफ्तर को सील कर दिया है।
नगर निगम ने इस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को नाले पर अवैध रूप से बना होने की वजह से चिह्नित किया था। नाले पर अतिक्रमण कर बनाए गए इस अवैध निर्माण पर कार्रवाई करने के लिए नगर निगम ने यह कदम उठाया है।
पुलिस ने तौकीर रजा संग 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 10 FIR में 2000 से अधिक लोग नामित हैं। हिंसा में 10 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं और पुलिस ने अवैध हथियार बरामद किए। पुलिस ने शहर में इंटरनेट 48 घंटे के लिए बंद कर दिया।
हिंसा के बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें पुलिस को मौके से बड़े पैमाने पर अवैध हथियार बरामद हुए,जिनका इस्तेमाल पुलिस पर हमले के लिए किया गया था। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने इसे पूर्वनियोजित साजिश बताया, जो पश्चिमी यूपी में शांति भंग करने और राज्य की विकास योजनाओं को पटरी से उतारने का प्रयास था।

